जयपुर/गौरव कोचर/नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत समाज को नशे के चंगुल से मुक्त कराने के उद्देश्य से गंगानगर जिले में जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सीमा संकल्प” की केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने मुक्तकंठ से सराहना की है।
जागरूकता के लिए 860 नाटकों का मंचन करने पर विक्रम और लक्ष्या ज्याणी सम्मानित
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से नशा मुक्त गंगानगर अभियान “ऑपरेशन सीमा” के सह-प्रभारी विक्रम ज्याणी और जिले की नशा मुक्त अभियान की ब्रांड एंबेसडर लक्ष्या ज्याणी को सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें जिलेभर में जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 860 नुक्कड़ नाटकों के प्रभावी मंचन के लिए दिया गया।
नशा पूरे समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती: अर्जुनराम मेघवाल
समारोह को संबोधित करते हुए अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति की निजी समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे परिवार और समाज के भविष्य के लिए एक अत्यंत गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि गंगानगर जिले में व्यापक जनसहभागिता के साथ संचालित यह अभियान युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने तथा स्वस्थ, सुरक्षित और संस्कारित समाज के निर्माण में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों के साझा प्रयासों की प्रशंसा
केंद्रीय मंत्री ने अभियान से जुड़े सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों, जिला प्रशासन, पुलिस, शिक्षकों, चिकित्सकों और जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब समाज स्वयं आगे आकर बदलाव का संकल्प लेता है, तभी वास्तविक और सकारात्मक परिवर्तन धरातल पर नजर आता है।
प्रत्येक नागरिक अपने दायित्व को समझे
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि नशा मुक्त गंगानगर का लक्ष्य तभी पूरी तरह साकार हो सकता है, जब प्रत्येक नागरिक इसे अपना व्यक्तिगत और सामाजिक दायित्व माने। उन्होंने कहा कि जब हर परिवार, विद्यालय, गांव और मोहल्ला एकजुट होकर इस मुहिम का हिस्सा बनेगा, तभी आने वाली युवा पीढ़ी को एक सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य दिया जा सकेगा।