नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ — सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता निदेशक ने दिलाई नशा न करने की शपथ
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 13,2025
13 अगस्त 2025, जयपुर।
नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव आशीष मोदी ने बुधवार को मुख्यालय स्थित सभी कार्मिकों को नशा न करने की शपथ दिलाई। यह कार्यक्रम अंबेडकर भवन के प्रांगण में आयोजित हुआ।
शपथ ग्रहण करवाते हुए आशीष मोदी ने कहा कि नशा, चाहे शराब का हो, तंबाकू का या किसी अन्य मादक पदार्थ का, यह हमारे स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य—तीनों को बर्बाद करता है। उन्होंने नशे को एक “धीमा ज़हर” बताते हुए कहा कि यह हमारी सोचने-समझने की क्षमता को कमजोर करता है और जीवन को अंधकार की ओर ले जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे से मिलने वाली थोड़ी-सी खुशी जीवन भर का दुख बन सकती है, इसलिए हर व्यक्ति को खुद को और अपने आसपास के लोगों को इसके नुकसान के बारे में जागरूक करना चाहिए।
इस अवसर पर आयुक्त विशेष योग्यजन एवं अतिरिक्त निदेशक केसर लाल मीना, वित्तीय सलाहकार अंजू सिंह, अतिरिक्त निदेशक हरिसिंह मीना, रीना शर्मा, सुंडाराम मीना, अशोक जांगिड़ सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 1 से 31 अगस्त 2025 तक पूरे देश में फ्लैगशिप अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान भौतिक और ऑनलाइन माध्यम से 3 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य है। इसी क्रम में राजस्थान के विभिन्न जिलों में भी शैक्षणिक संस्थानों, हॉटस्पॉट क्षेत्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर छात्रों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और आम जनता की भागीदारी के साथ ऑनलाइन प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।