नवरात्रि में 101 कन्याओं का पूजन एवं भव्य कन्या भोज
गणपत चौहान, छत्तीसगढ़
बिलासपुर में वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद का आयोजन, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। नवरात्रि के पावन अवसर पर वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद बिलासपुर इकाई द्वारा सामुदायिक भवन, सरजू बगीचा में भव्य कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस धार्मिक-सामाजिक आयोजन में 101 कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर विशेष पूजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रभा तिवारी एवं उपाध्यक्ष छाया पाण्डेय के नेतृत्व में 200 से अधिक कन्याओं का स्वागत किया गया। कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई गई, पैरों में रंग व माथे पर सिंदूरी टीका लगाया गया। इसके बाद उन्हें खीर, पूड़ी, सब्जी, मिठाई और फल का भोग कराया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रत्येक कन्या को उपहार स्वरूप भेंट प्रदान कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

सामाजिक सेवा से जुड़ा विशेष अवसर
इस अवसर पर वीर योद्धा टाक्स फोर्स के अध्यक्ष राम सिंह ठाकुर का जन्मदिन भी मनाया गया। ठाकुर लंबे समय से छत्तीसगढ़ में गौसेवा, लव जिहाद और धर्मांतरण विरोधी आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अतिथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनकी सेवाओं को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति से बढ़ा आयोजन का महत्व
कार्यक्रम की शुरुआत मां जगदम्बे की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस दौरान वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द ओझा, महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा, प्रदेश सलाहकार रज्जन अग्निहोत्री, वार्ड पार्षद अमित तिवारी, कान्यकुब्ज ब्राह्मण अध्यक्ष अरविन्द दीक्षित, डॉ. आरती पाण्डेय, फिल्म कलाकार सुनील मिश्रा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अलावा सुनीता शर्मा, शुभम तिवारी, संजय दीक्षित, टिंकू दुबे, अभिषेक शर्मा, अभिषेक तिवारी, अविनाश मिश्रा, करुणा तिवारी, पूर्णिमा दुबे, अनीता जी, रेखा दुबे, ऋचा दुबे, ओ.पी. मिश्रा, विनोद व्यास, किरण सिंह, मीनू दुबे, अर्चना शुक्ला, अर्चना तिवारी, रोशनी शुक्ला, राज शर्मा, सौरभ दुबे, सांझ तिवारी, शाश्वत तिवारी, विभा मिश्रा, मुकेश तिवारी, लक्ष्मीनारायण पांडेय, दीप, ज्योति शर्मा और अन्य अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति से आयोजन को भव्यता प्रदान की।
कन्या रूप की आध्यात्मिक महत्ता
सभी वक्ताओं ने नवरात्रि में कन्या पूजन की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि समाज में नारी सम्मान और उनकी गरिमा को स्थापित करने का प्रतीक है। कन्याओं के चरणों में भगवान का वास मानकर उन्हें भोजन कराना सबसे पुण्यकारी कार्यों में गिना जाता है।
सफल संचालन और आभार प्रदर्शन
पूरे आयोजन का संचालन प्रभा तिवारी ने उत्साहपूर्वक किया। अंत में उपाध्यक्ष छाया पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को संजोने का भी सशक्त माध्यम सिद्ध हुआ।