जयपुर/ नरेश गुनानी/नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), जयपुर की छमाही समीक्षा बैठक उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), जयपुर को प्रतिष्ठित ‘वैजयंती राजभाषा शील्ड’ तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पीआईबी जयपुर को मिला सम्मान
सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रभावी, सहज और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप क्रियान्वयन के लिए पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर को यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह के दौरान पीआईबी जयपुर की ओर से सहायक निदेशक श्री अमित कनौजिया ने समिति अध्यक्ष एवं उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक के हाथों यह शील्ड व प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सीबीसी का उत्कृष्ट प्रदर्शन
समारोह के दौरान आयोजित राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इसमें केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), जयपुर के प्रदर्शनी सहायक श्री अभिषेक सहाय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। उन्हें ₹2,000 की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राजभाषा के व्यापक उपयोग पर बल
बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने कहा कि सरकारी कामकाज में हिंदी का उपयोग केवल औपचारिकता न होकर दैनिक कार्यप्रणाली का स्वाभाविक हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने सभी सदस्य कार्यालयों को निर्देश दिए कि:
- प्रशासनिक व दैनिक फाइलों के कार्यों में हिंदी को अधिक से अधिक प्राथमिकता दी जाए।
- भाषा को सरल, सहज और व्यावहारिक बनाया जाए ताकि आम जनमानस तक संदेश स्पष्ट रूप से पहुंच सके।
- डिजिटल माध्यमों और ई-ऑफिस प्रणाली में भी हिंदी के प्रयोग को निरंतर बढ़ावा दिया जाए।
वर्ष में दो बार आयोजित होने वाली इस बैठक में जयपुर स्थित विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों, उपक्रमों एवं बैंकों के विभागाध्यक्षों व राजभाषा प्रभारियों ने भाग लिया और अपने-अपने संस्थानों की राजभाषा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।