नगर निगम सीईओ से मिला जेवीएम प्रतिनिधिमंडल, शहर के विकास को लेकर सौंपा ज्ञापन
— अतिक्रमण, पार्किंग, हटवाड़ा और ग्लो साइन बोर्ड की समस्याओं पर रखे सुझाव
Edited By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 08,2025
जयपुर।
जयपुर व्यापार महासंघ (जेवीएम) का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को नगर निगम ग्रेटर जयपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौरव सैनी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की प्रमुख व्यापारिक समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा और समाधान की दिशा में कदम उठाने की अपील की।
इस अवसर पर जेवीएम अध्यक्ष सुभाष गोयल, कार्यकारी अध्यक्ष हरीश केडिया, महामंत्री सुरेश सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार बज, कोषाध्यक्ष सचिन गुप्ता, घी वालों का रास्ता व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज लुहाड़िया, और महेश नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ गौरव सैनी को जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और ग्रीन सिटी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही भरोसा दिलाया कि जेवीएम भी शहर के विकास में अपना भरपूर योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे:
- बाजारों से अतिक्रमण हटाने की मांग, जिससे राहगीरों और ग्राहकों को असुविधा न हो।
- पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान, शहर के विभिन्न बाजारों में पार्किंग स्थल निर्माण एवं प्रबंधन की आवश्यकता।
- पहले एक घंटे की निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था लागू करने का सुझाव ताकि ग्राहक निर्बाध रूप से बाजार आ-जा सकें।
- हटवाड़ा की समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग।
- ग्लो साइन बोर्ड की दरों को लेकर व्यापारी वर्ग में असमंजस, इस पर पुनर्विचार कर उचित दरें और साइज निर्धारित करने की आवश्यकता ताकि व्यापारी सहूलियत से शुल्क जमा कर सकें।
जेवीएम प्रतिनिधियों ने आशा जताई कि नगर निगम इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगा और व्यापारिक समुदाय को राहत देने के साथ ही जयपुर को एक स्मार्ट, व्यवस्थित और ग्रीन शहर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।