जयपुर/ सुनील शर्मा/नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रशासनिक निगरानी कड़ी कर दी है। आयोग ने जयपुर जिले के नगरीय निकाय क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया की सघन मॉनिटरिंग के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी प्रियंका गोस्वामी को चुनाव पर्यवेक्षक (इलेक्शन ऑब्जर्वर) नियुक्त किया है।
पर्यवेक्षक की तैनाती के साथ ही आमजन और प्रत्याशियों की चुनावी शिकायतों व परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के लिए संपर्क तंत्र भी स्थापित कर दिया गया है।
यहां दर्ज करा सकते हैं शिकायतें और परिवेदनाएं
निर्वाचन प्रक्रिया, आचार संहिता उल्लंघन अथवा मतदान से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए नागरिक निम्न माध्यमों से सीधा संपर्क साध सकते हैं:
- चुनाव पर्यवेक्षक से सीधा संपर्क: आमजन चुनाव पर्यवेक्षक प्रियंका गोस्वामी से सीधे उनके मोबाइल नंबर 9024569989 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त व्यक्तिगत रूप से मिलकर परिवेदना देने के लिए वे सर्किट हाउस, जयपुर में उपलब्ध रहेंगी।
- जिला निर्वाचन नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम): मुख्यालय स्तर पर कलेक्ट्रेट परिसर के कमरा नंबर 116 में 24 घंटे कार्यरत नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नागरिक दूरभाष नंबर 0141-2992564 पर कॉल करके भी अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने जिले के मतदाताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाताओं को प्रलोभन देने, आचार संहिता के उल्लंघन अथवा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत निर्धारित माध्यमों से चुनाव पर्यवेक्षक अथवा नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। प्राप्त होने वाली सभी वैध परिवेदनाओं पर त्वरित संज्ञान लेकर नियमानुसार सख्त और प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।