हरि प्रसाद शर्मा
पुष्कर/अजमेर। तीर्थराज और धार्मिक नगरी पुष्कर में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व पूर्ण श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पवनपुत्र हनुमान के प्राकट्योत्सव को लेकर समूचे नगर में जबरदस्त उत्साह का माहौल है और मंदिरों में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस विशेष अवसर पर नगर के प्राचीन और प्रमुख हनुमान मंदिरों में अभिषेक, सुंदरकांड पाठ, महाआरती और छप्पन भोग सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में होगा भव्य आयोजन
पवित्र पुष्कर सरोवर के यज्ञ घाट स्थित प्राचीन सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में ‘श्री सिद्धेश्वर हनुमान भक्त मंडल’ द्वारा भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, गुरुवार सुबह 10 बजे हनुमान जी का विशेष अभिषेक कर चोला चढ़ाया जाएगा। शाम के समय बालाजी का मनमोहक श्रृंगार कर 56 भोग की झांकी सजाई जाएगी। इसके पश्चात महाआरती और संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। उत्सव के मद्देनजर पूरे मंदिर परिसर और घाट को फूलों व आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है।
प्रमुख मंदिरों में कार्यक्रमों की रूपरेखा
नगर के अन्य मंदिरों में भी जन्मोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं:
- चित्रकूट धाम: यहाँ 11 फीट ऊंचे शिवलिंग पर विराजमान 5 फीट की हनुमान प्रतिमा का विशेष पूजन और अभिषेक किया जाएगा।
- नौ खंडीय हनुमान मंदिर: यहाँ भी सुबह से ही अभिषेक, महाआरती और सुंदरकांड पाठ के दौर चलेंगे।
- पांडे नर्सरी स्थित हनुमान मंदिर: यहाँ प्राचीन हनुमान प्रतिमा का पूजन कर शाम को महाआरती की जाएगी और भक्तों में प्रसाद वितरण होगा।
- लीला सेवड़ी स्थित अटल छत्र हनुमान मंदिर: यहाँ सुंदरकांड पाठ के साथ-साथ विशाल भजन संध्या और जन्मोत्सव आरती का आयोजन होगा।
नगर के कोने-कोने में गूंजेंगे हनुमान चालीसा के स्वर
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर ब्रह्म घाट स्थित हनुमान मंदिर, उत्तर मुखी हनुमान, खेड़ापति बालाजी, चांदपोल, हनुमान गढ़ी और पाप मोचनी पहाड़ी की तलहटी स्थित बड़ के बालाजी मंदिर में भी विशेष रौनक रहेगी। इसके अलावा संतोषी माता मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर सहित शहर के तमाम छोटे-बड़े मंदिरों में भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा के पाठ आयोजित किए जाएंगे। दोपहर के समय सभी मंदिरों में विशेष ‘जन्मोत्सव आरती’ की जाएगी।
पूर्व संध्या पर हुए आयोजन
जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर बुधवार को सनसेट कैफ़े स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए। यहाँ सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पाठ के पश्चात श्रद्धालुओं को भोजन और प्रसाद वितरित किया गया।
