धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान — प्रदेश के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में 2.30 लाख विद्युत कनेक्शन का लक्ष्य, अधिक से अधिक कनेक्शन देने की योजना पर करें काम
रिपोर्ट: नरेश गुनानी, टेलीग्राफ टाइम्स
_____________________
13 नवम्बर 2025, जयपुर।
केन्द्रीय योजना धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत राजस्थान के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में 2 लाख 30 हजार से अधिक घरों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में कार्यों की प्रगति की समीक्षा जयपुर, जोधपुर और अजमेर विद्युत वितरण निगमों के अभियंताओं के साथ राजस्थान डिस्कॉम्स की चेयरपर्सन आरती डोगरा ने की।
बैठक में जोधपुर विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल और अजमेर विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक के.पी. वर्मा सहित तीनों डिस्कॉम्स के अधिकारी उपस्थित रहे।
पात्र परिवारों तक पहुंचाएं विद्युत कनेक्शन
आरती डोगरा ने अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए कि कनेक्शन से वंचित परिवारों का सर्किलवार सर्वे कराकर पात्र सभी परिवारों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक डिस्कॉम में अधिक से अधिक कनेक्शन जारी करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए और सभी स्वीकृतियां समय पर जारी हों। साथ ही, अधीक्षण अभियंता स्तर पर अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार बिजली कनेक्शन से वंचित न रहे।
जिलेवार लक्ष्य और प्रगति
बैठक में जानकारी दी गई कि अभियान के अंतर्गत जयपुर डिस्कॉम क्षेत्र के 1305 गांवों और 1405 बस्तियों में 43,583 घरेलू कनेक्शन, जोधपुर डिस्कॉम क्षेत्र के 4834 गांवों और 18,468 बस्तियों में 1,62,805 कनेक्शन तथा अजमेर डिस्कॉम क्षेत्र के 973 गांवों और 986 बस्तियों में 24,392 कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।
जयपुर डिस्कॉम द्वारा संबंधित कार्यों के लिए 73.97 करोड़ रुपये की लागत के कार्यादेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी डिस्कॉम अपने-अपने क्षेत्र में लक्ष्य की पूर्ति के लिए फील्ड स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग करें, ताकि अभियान के तहत हर पात्र घर तक बिजली पहुंचाई जा सके।