दौसा में ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ एवं ‘संडे ऑन साइकिल’ में युवाओं ने दिखाया उत्सा
21 दिसम्बर 2025, 01:13 PM
| नरेश गुनानी
दौसा, 21 दिसम्बर। राज्य सरकार के कार्यकाल के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों के अन्तर्गत दौसा जिला मुख्यालय पर रविवार सुबह ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ एवं ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया गया।
राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों के प्रति आमजन को जागरूक करने एवं फिट राजस्थान के लिए आयोजित ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ एवं ‘संडे ऑन साइकिल’ को जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार, जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा एवं लक्ष्मी रेला ने हरी झंडी दिखाकर कलक्ट्रेट से रवाना किया। प्रतिभागी वहां से सोमनाथ सर्किल होते हुए पं. नवल किशोर शर्मा राजकीय पीजी कॉलेज पहुंचे, जहां दौड़ और साइकिल यात्रा का समापन हुआ।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर वादकों ने ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा…’ धुन का वादन किया। प्रतिभागियों ने हाथों में ‘नव उत्थान नई पहचान, हमारा राजस्थान बढ़ता राजस्थान’ का बैनर लेकर उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लिया। इस दौरान घुड़सवारों ने दौड़ का नेतृत्व किया। साइकिल रैली भी दौड़ में शामिल हुई, जिसमें पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी साइकिल चलाकर स्वस्थ एवं फिट रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविंद शर्मा, नगर परिषद आयुक्त कमलेश कुमार मीणा, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार शर्मा, जिला युवा अधिकारी पूनम कुमारी, विपिन जैन सहित बड़ी संख्या में युवा, स्काउट, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शारीरिक शिक्षक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी दौड़ में शामिल हुए। दौड़ के सफल आयोजन में विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संगठनों, पुलिस प्रशासन एवं नगर निकाय का विशेष सहयोग रहा। स्वीप प्रभारी रामवीर सिंह चौधरी ने कार्यक्रम का संचालन किया।