किशनगढ़ बास /खैरथल-तिजारा/नरेश गुनानी /जमीनी स्तर पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता को एक बार फिर बड़ा मंच मिला है। दैनिक भास्कर डिजिटल के खैरथल-तिजारा जिला रिपोर्टर और किशनगढ़ बास निवासी हेमसिंह परमार (मनोज परमार) को जयपुर में आयोजित एक भव्य राज्यस्तरीय समारोह में प्रतिष्ठित ‘बेस्ट स्टोरी अवॉर्ड’ से नवाजा गया। इस सम्मान के साथ उन्हें ₹5,000 की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
मंच पर दिग्गजों ने की हाइपरलोकल पत्रकारिता की सराहना
जयपुर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में पत्रकारिता, तकनीक और शासन से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम में दैनिक भास्कर के एमडी गिरीश अग्रवाल, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, गूगल इंडिया की हेड दुर्गा रघुनाथ और दैनिक भास्कर के चीफ किरण राजपुरोहित ने संयुक्त रूप से हेमसिंह परमार को मंच पर यह सम्मान सौंपा।
समारोह के दौरान बेस्ट स्टोरी अवॉर्ड के साथ-साथ हाइपरलोकल एडिटोरियल ट्रेनिंग प्रोग्राम का भी आयोजन हुआ, जिसमें डिजिटल युग में स्थानीय पत्रकारिता के महत्व और तकनीकी नवाचारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
तथ्यों पर आधारित ग्राउंड रिपोर्टिंग बनी पहचान
हेमसिंह परमार लंबे समय से खैरथल-तिजारा क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में भी प्रशासनिक खामियों, आमजन की समस्याओं और स्थानीय क्राइम की खबरों को हमेशा तथ्यों के साथ उजागर किया है।
उनकी सबसे चर्चित खबरों में ‘बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की लाश नीले ड्रम में छुपाई’ शीर्षक से की गई एक्सक्लूसिव ग्राउंड रिपोर्ट शामिल रही। इस खबर में उन्होंने सीधे मकान मालकिन से बात कर यह तथ्य सामने लाया कि आरोपी महिला वारदात से सात दिन पहले ही उसी से नीला ड्रम लेकर गई थी। इस तरह की गहन पड़ताल और सटीक रिपोर्टिंग ने पाठकों के बीच गहरी विश्वसनीयता बनाई।
“यह पुरस्कार जनहित के मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी बढ़ाता है”
सम्मान प्राप्त करने के बाद हेमसिंह परमार ने कहा:
“यह पुरस्कार केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि हाइपरलोकल पत्रकारिता के जरिए जनता की आवाज को और अधिक मुखरता से उठाने की एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं दैनिक भास्कर डिजिटल की पूरी टीम का आभारी हूं, जिन्होंने जमीनी पत्रकारिता और मेहनत को यह सम्मान दिया।”
उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय मार्गदर्शक विश्व बंधु शर्मा, डेस्क प्रभारी राजीव, अजीत परमार, अभिनन्दन, पुनीत, विनय शर्मा, शीतल पालीवाल और पूरी डिजिटल डेस्क टीम को दिया।
जिले भर में खुशी की लहर, बधाई संदेशों का तांता
हेमसिंह परमार को राज्यस्तरीय मंच पर मिले इस सम्मान के बाद खैरथल-तिजारा और किशनगढ़ बास क्षेत्र के पत्रकारों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि क्षेत्र में निष्पक्ष और जनहितैषी पत्रकारिता को नया संबल देगी।