देश ने 357 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन का बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

 — वोकल फॉर लोकल बनी जीवनशैली का हिस्सा — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
‘मन की बात’ प्रधानमंत्री के देशवासियों से आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में उदयपुर की शिल्पकला का किया उल्लेख

नरेश गुनानी 

30 नवम्बर 2025, जयपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 128वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर कैंप कार्यालय में आमजन के साथ कार्यक्रम को सुना।

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने कृषि क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 357 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाया है। 10 वर्ष पहले की तुलना में यह आंकड़ा 100 मिलियन टन अधिक है। उन्होंने कहा कि देश में डेढ़ लाख मीट्रिक टन से अधिक शहद का उत्पादन हो चुका है और शहद का निर्यात भी तीन गुना से अधिक बढ़ा है। उन्होंने विभिन्न राज्यों में स्थानीय स्तर पर शहद उत्पादन करने वालों की सराहना की।

फ़ोटो टेलीग्राफ टाइम्स

कोयम्बटूर में आयोजित विशाल नेचुरल फार्मिंग सम्मेलन को उन्होंने भारत की प्राचीन खेती परंपराओं का हिस्सा बताते हुए इसे और बढ़ावा देने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने जी-20 शिखर सम्मेलन से जुड़े अनुभव साझा करते हुए बताया कि विश्व नेताओं को दिए गए उपहारों में वोकल फॉर लोकल की भावना को विशेष रूप से ध्यान रखा गया। उन्होंने कहा कि कनाडा के प्रधानमंत्री को भेंट की गई चांदी के अश्व की प्रतिकृति राजस्थान के उदयपुर की श्रेष्ठ शिल्पकला का अनूठा उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि वोकल फॉर लोकल की भावना आज देश के करोड़ों लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुकी है।

प्रधानमंत्री ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित महाभारत अनुभव केंद्र के 3डी लाइट एंड साउंड शो की चर्चा की। उन्होंने बताया कि ब्रह्म सरोवर पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में यूरोप और मध्य एशिया सहित कई देशों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि काशी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले चौथे काशी–तमिल संगमम में अधिक से अधिक भागीदारी कर ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करें।

प्रधानमंत्री ने विभिन्न खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए महिला क्रिकेट टीम के आईसीसी महिला विश्व कप, महिला कबड्डी टीम के कबड्डी विश्व कप और ब्लाइंड क्रिकेट महिला विश्व कप में विजयी प्रदर्शन को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने डेफलिंपिक्स और वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 4 दिसम्बर को मनाया जाने वाला नौसेना दिवस हमारे सैनिकों के साहस और पराक्रम को सम्मान देने का विशेष अवसर है। उन्होंने बताया कि देश में कई नौसेना संग्रहालय स्थापित हैं, जहाँ नौसेना के गौरवपूर्ण इतिहास की जानकारी मिलती है। उन्होंने INS ‘माहे’ को भारतीय नौसेना में शामिल किए जाने, हैदराबाद में दुनिया की सबसे बड़ी लीप इंजन MRO फैसिलिटी शुरू होने तथा स्काईरूट स्टार्टअप के इन्फिनिटी कैंपस के शुभारंभ को भारत की नई सोच, नवाचार और युवा शक्ति का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई देशों में विंटर टूरिज्म अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और भारत में भी विशेषकर उत्तराखंड में इसकी अपार संभावनाएं हैं। हिमालय की वादियाँ आज एडवेंचर स्पोर्ट्स और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशवासियों से आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक है। इस कार्यक्रम के माध्यम से वे देश की उपलब्धियों, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रबल करने का संदेश देते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

एथेंस में आईआईएएस शासन सूचकांक का अनावरण: 164 देशों के सुशासन का होगा वैश्विक आकलन

एथेंस/ गौरव कोचर/राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट...

राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों की ओर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रधानमंत्री से महत्वपूर्ण भेंट

नई दिल्ली/ सुनील शर्मा/राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने...