देश के लिए पढ़ें और स्वाभिमान के साथ रहें – वासुदेव देवनानी
By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
18 अगस्त 2025, 09:05 PM
जयपुर, 18 अगस्त। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि बच्चों को देश के लिए पढ़ना चाहिए और स्वाभिमान के साथ देश के लिए जीना चाहिए। उन्होंने बच्चों को जीवन में सफलता के लिए पांच-डी फार्मूला बताते हुए कहा कि मर्यादा (Decorum), अनुशासन (Discipline), लक्ष्य के प्रति समर्पण (Devotion), प्रतिबद्धता (Determination) से चलेंगे तो विकास (Development) को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने समय प्रबंधन, अभिभावकों और शिक्षकों के सम्मान पर जोर दिया।
केसर काजू कतली की लॉन्चिंग
देवनानी ने सोमवार को आरसीडीएफ सरस संकुल, जयपुर के सभागार में सरस क्विज, भीलवाड़ा डेयरी के नए उत्पाद केसर काजू कतली की लॉन्चिंग और सुमेरपुर के प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान समारोह को संबोधित किया। इस मौके पर डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत और आरसीडीएफ की प्रशासक एवं प्रबंध निदेशक श्रुति भारद्वाज भी उपस्थित रहीं।
समारोह में सुमेरपुर के विभिन्न विद्यालयों के 10वीं और 12वीं कक्षा के 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 99 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, भगवद गीता और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
एआई की जानकारी का विश्लेषण जरूरी
देवनानी ने कहा कि एकाग्रता, कर्मठता और ईमानदारी से किया गया परिश्रम हमेशा सफलता दिलाता है। माता-पिता, शिक्षक, परिवार और समाज की प्रेरणा को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्लेषण की प्रवृत्ति शिक्षा और जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी है। एआई से जानकारी अवश्य लें लेकिन उसका विश्लेषण करके और भावनाओं को ध्यान में रखकर ही निर्णय लें, क्योंकि एआई में इमोशन नहीं होता।
गीता और रामायण पढ़ने का आग्रह
देवनानी ने कहा कि आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी है। श्रेष्ठ नागरिक बनने और कर्म की प्रेरणा के लिए गीता और रामायण को अवश्य पढ़ना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से गीता के ग्यारहवें अध्याय को जीवन में उतारने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भारत विज्ञान की दृष्टि से प्राचीन काल से ही सर्वोपरि रहा है और टैरिफ की चुनौतियों से निपटने के लिए स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करना आवश्यक है।
जयपुर भ्रमण से बच्चों को प्रेरणा
डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि डेयरी लगातार नवाचार कर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद ला रही है जिससे संघ निरंतर लाभ में चल रहा है। उन्होंने बताया कि सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को जयपुर भ्रमण के दौरान विधानसभा दर्शन का अवसर मिला, जो उनके लिए प्रेरणादायी अनुभव है। कुमावत ने बच्चों से अपने गांव का नाम रोशन करने और विकसित भारत में योगदान देने का आह्वान किया।
आरसीडीएफ ने बनाया रिकॉर्ड
आरसीडीएफ की प्रशासक एवं प्रबंध निदेशक श्रुति भारद्वाज ने बताया कि डेयरी संघ 27,000 बूथों के माध्यम से बिक्री कर लगातार लाभ में चल रहा है। शीघ्र ही बायोगैस प्लांट का निर्माण भी किया जाएगा। दूध का दूध और पानी का पानी अभियान के तहत 10,000 से अधिक सैंपल लेकर शुद्ध दूध सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष आरसीडीएफ ने अपने 47 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 400 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ अर्जित किया है।
सरस क्विज में बच्चों का शानदार प्रदर्शन
इस अवसर पर आयोजित सरस क्विज प्रतियोगिता में सुमेरपुर के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 10 बच्चों को स्मार्ट वॉच देकर सम्मानित किया गया।