देश के अमर शहीदों से प्रेरणा लेकर कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करें — डीजीपी राजीव शर्मा

देश के अमर शहीदों से प्रेरणा लेकर कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करें — डीजीपी राजीव शर्मा

21 अक्टूबर 2025 | जयपुर

गौरव कोचर •

राजस्थान पुलिस अकादमी जयपुर में राज्य स्तरीय पुलिस शहीद दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें देश की सुरक्षा और शांति के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने राष्ट्र सेवा में वीरगति प्राप्त करने वाले 191 पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि शहीदों की प्रेरणा से सभी पुलिस कर्मियों को ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ जनता की सेवा का संकल्प लेना चाहिए।

समारोह के बाद रक्तदान शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

21 अक्टूबर 1959 के ऐतिहासिक बलिदान का स्मरण

डीजीपी ने अपने संबोधन में बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में भारतीय पुलिस के जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं वीर जवानों की शहादत की स्मृति में प्रत्येक वर्ष यह दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि पुलिस के इन वीर सपूतों का बलिदान भारतीय पुलिस की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है और यह सभी पुलिस कर्मियों के लिए कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण है।

191 शहीद पुलिस कर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि

डीजीपी राजीव शर्मा ने एक सितम्बर 2023 से 31 अगस्त 2024 की अवधि में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति प्राप्त 191 पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों के नामों का वाचन कर उन्हें राजस्थान पुलिस परिवार की ओर से भावांजलि अर्पित की।
उन्होंने राजस्थान के शहीद पुलिस कर्मियों — एएसआई सुरेंद्र कुमार, हैड कांस्टेबल प्रसादी लाल, प्रह्लाद राम, कांस्टेबल अतर सिंह, राम सिंह, देवनारायण गुर्जर और अक्षय कुमार सहित अन्य राज्यों के पुलिस बलों तथा बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, फायर सर्विसेज, होमगार्ड्स और आरपीएफ के जवानों को भी श्रद्धांजलि दी।

पुष्पांजलि और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी

समारोह में सर्वप्रथम शहीद पुलिस कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई और गार्ड ऑफ ऑनर के माध्यम से शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर पूर्व डीजीपी ओमप्रकाश गल्होत्रा, डीजीपी प्रशिक्षण अशोक राठौर, आईबी के संयुक्त निदेशक रमाकांत शर्मा, सीबीआई के अतिरिक्त निदेशक संजय दुबे, एडीजी एवं आरपीए निदेशक एस. सेंगाथिर और जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ सहित वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस कर्मी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

रक्तदान व पौधारोपण कार्यक्रम

शहीद दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में रक्तदान शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीजीपी राजीव शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाकर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारी, प्रशिक्षु और स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शहीदों की स्मृति को समर्पित रक्तदान किया।

पुलिस स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह

राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के बाद जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित त्रिमूर्ति सर्किल पुलिस स्मारक पर भी श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। यहां डीजीपी राजीव शर्मा और कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया।
इस दौरान पुलिस कमिश्नरेट जयपुर के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

नगरीय निकाय चुनाव: मतदान दिवसों पर सार्वजनिक अवकाश घोषित, कर्मचारियों को मिलेगा सवैतनिक अवकाश

जयपुर/ सुनील शर्मा/राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नगरीय निकाय...