देवस्थान विभाग बीओटी मॉडल के तहत बनाएगा नई धर्मशालाएं, पुरानी धर्मशालाओं में भी होंगी आधुनिक सुविधाएं
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 12,2025
जयपुर, 12 अगस्त 2025। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर तीर्थयात्रियों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था के लिए देवस्थान विभाग अब व्यापक स्तर पर कदम उठाने जा रहा है। विभाग जहां पहले से संचालित धर्मशालाओं में सुविधाओं का विस्तार करेगा, वहीं अत्याधुनिक नई धर्मशालाओं का निर्माण भी किया जाएगा। इसके लिए विभाग बीओटी (बिल्ड, ऑपरेट, ट्रांसफर) मॉडल अपनाएगा और अपनी नीति में संशोधन करेगा।
मंगलवार को शासन सचिवालय में देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। बैठक में यह भी तय हुआ कि पुरानी धर्मशालाओं के किराए में बढ़ोतरी की जाएगी और नई धर्मशालाओं के निर्माण के लिए नीति तैयार की जाएगी।
मंत्री कुमावत ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणा 2025-26 की क्रियान्विति पर जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश और अन्य राज्यों में स्थित मंदिरों के मरम्मत कार्यों के लिए इस माह में डीपीआर तैयार करने के आदेश भी दिए।
वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा की लॉटरी अगले सप्ताह
बैठक में वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना-2025 के तहत लॉटरी प्रक्रिया इसी माह में पूरी करने का निर्णय हुआ। मंत्री कुमावत ने बताया कि 10 अगस्त 2025 तक 1,84,495 वरिष्ठ नागरिकों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित कमेटी अगले सप्ताह जिला स्तर पर पात्र व्यक्तियों का चयन करेगी।
चार नई नीतियों पर चर्चा
बैठक में दान नीति, धार्मिक नीति, सह-संचालन नीति और किराया नीति में संशोधन पर मंथन किया गया। इसके अलावा, विभाग के मंदिरों में धार्मिक आयोजनों के संचालन को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।
साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें शामिल हैं—
- ऋषभदेव मंदिर की आरती को ऑनलाइन प्रसारण शुरू करना।
- गोगामेड़ी मंदिर के पुजारियों को आवास के लिए आवंटित भूमि का निरस्तीकरण।
- मंदिरों की कृषि योग्य भूमि को ई-ऑक्शन के माध्यम से लीज पर देना।
- मंदिरों की भूमि का डाटा ऑनलाइन संधारित करना।
बैठक में शासन सचिव श्री के.के. पाठक, देवस्थान आयुक्त श्री कन्हैयालाल स्वामी, उप शासन सचिव श्री आलोक सैनी, अतिरिक्त आयुक्त श्री अशोक शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।