देवनानी की कार्यशैली पर धर्मेन्द्र राठौड़ का तीखा हमला, कहा- विधानसभा की गरिमा कर रहे तार-तार

राजस्थान/राजनीति 


देवनानी की कार्यशैली पर धर्मेन्द्र राठौड़ का तीखा हमला, कहा- विधानसभा की गरिमा कर रहे तार-तार

Reported By: हरि प्रसाद शर्मा
Edited By: गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 22, 2025

अजमेर।
पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देवनानी संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं और अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि एक ओर देवनानी विधानसभा की निष्पक्षता को खत्म कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपनी ही पार्टी के नेताओं को टारगेट कर रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की साख गिर रही है।

निष्पक्षता पर उठे सवाल, फैसलों को बताया पक्षपातपूर्ण

राठौड़ ने कहा कि देवनानी के कई फैसले पक्षपातपूर्ण रहे हैं। उन्होंने पहले कांग्रेस के छह विधायकों को निलंबित किया, फिर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर उनकी अनुपस्थिति में आपत्तिजनक टिप्पणी की। राठौड़ ने यह भी सवाल उठाया कि जब सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद भी अंता से भाजपा विधायक कंवरपाल की सदस्यता रद्द नहीं की गई, तो यह दोहरे मापदंड का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया।

विकास कार्यों को बताया केवल ‘शोपीस’

राठौड़ ने अजमेर के विकास को लेकर देवनानी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देवनानी केवल उद्घाटन और घोषणाओं तक सीमित हैं, जबकि ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हो रहा। हर साल बारिश में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन नालों की सफाई और स्थायी समाधान नहीं किया गया। गर्मी में शहर पेयजल संकट से जूझ रहा है, पर सरकार कोई समाधान नहीं दे पा रही है।

दरगाह क्षेत्र में अतिक्रमण के नाम पर ‘साजिश’ का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि दरगाह क्षेत्र में वर्षों से बसे कुछ समुदायों को बेवजह बेघर करने की साजिश चल रही है। सर्वे के नाम पर डराया-धमकाया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। साथ ही सरकारी अस्पतालों की बदहाली की ओर भी इशारा किया, जहां आरजीएचएस योजना के तहत पर्चियां नहीं बन रही हैं और जेएलएन अस्पताल में भीषण गर्मी में न पंखे चल रहे हैं, न पानी की सुविधा है।

होटल अग्निकांड के बाद ‘राजनीतिक उत्पीड़न’ का आरोप

धर्मेंद्र राठौड़ ने नाज होटल अग्निकांड के बाद नगर निगम प्रशासन पर होटल व्यवसायियों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण की जिम्मेदारी निगम अधिकारियों की है, लेकिन कार्रवाई होटल संचालकों पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि देवनानी इन सभी मामलों पर चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे जनता में गलत संदेश जा रहा है।

नीरज जैन पर कार्रवाई क्यों नहीं?

राठौड़ ने अजमेर के डिप्टी मेयर नीरज जैन के खिलाफ भी मोर्चा खोला। उन्होंने कहा कि जैन ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर आपत्तिजनक पोस्ट की, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने खुद एसपी से शिकायत की और एफआईआर की मांग की, लेकिन नतीजा शून्य रहा। उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया, क्योंकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर तुरंत मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं, लेकिन भाजपा नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

मध्य प्रदेश मंत्री के बयान से भी जोड़ा मुद्दा

राठौड़ ने मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई, फिर भी भाजपा ने उन्हें हटाया नहीं, जो पार्टी के असली चेहरे को उजागर करता है।

 

spot_imgspot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

​’विकसित भारत-जीरामजी योजना’ केवल रोजगार नहीं, स्थायी आजीविका की गारंटी: विजय सिंह

​'विकसित भारत-जीरामजी योजना' केवल रोजगार नहीं, स्थायी आजीविका की...