देवगढ़ थाना निरीक्षण : डीजीपी ने दिए संवेदनशील पुलिसिंग के निर्देश
जयपुर-राजसमंद, 27,अगस्त। गौरव कोचर।टेलीग्राफ टाइम्स
राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री राजीव कुमार शर्मा मंगलवार को राजसमंद जिले के देवगढ़ थाना परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस अवसर पर उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक पारस चौधरी एवं थानाधिकारी अनिल बिश्नोई सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
थाने का गहन निरीक्षण
डीजीपी शर्मा ने थाने के स्वागत कक्ष, क्राइम रिकॉर्ड, ड्यूटी ऑफिसर कक्ष, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले हर परिवादी का स्वागत संवेदनशील और सकारात्मक रवैये के साथ किया जाए।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि—
“जनता का भरोसा पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। थानों में आने वाला हर व्यक्ति उम्मीद लेकर आता है, इसलिए उसके साथ सम्मान और संवेदनशीलता से पेश आना हर पुलिसकर्मी का दायित्व है।”
गार्ड ऑफ ऑनर एवं दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान देवगढ़ थाने के पुलिसकर्मियों द्वारा डीजीपी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
डीजीपी ने पुलिसकर्मियों से अनुशासन, सतर्कता और जनता से सकारात्मक संवाद पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
डीजीपी के इस दौरे को प्रदेश में जन-संवेदनशील पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि इस तरह के निरीक्षण से न केवल थानों की कार्यप्रणाली में सुधार होगा, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास और सहयोग की भावना भी और अधिक मजबूत होगी।