दुनिया की तीसरी सबसे लंबी दीवार पर अतिक्रमण! आमेर फोर्ट की ऐतिहासिक वॉल पर अवैध निर्माण का वीडियो वायरल
Edited By: गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 19, 2025
न्यूज़ रिपोर्ट: मुस्कान तिवाड़ी
जयपुर के आमेर फोर्ट से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहर एक बार फिर संकट में नजर आ रही है। विश्व की तीसरी सबसे लंबी दीवार मानी जाने वाली आमेर की वॉल पर अवैध अतिक्रमण और निर्माण के आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर इस अवैध कब्जे से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें स्पष्ट रूप से दीवार के पास निर्माण कार्य देखा जा सकता है।

मामले के सामने आने के बाद विरासत संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ताओं और संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। जयपुर-आमेर विरासत फाउंडेशन के अध्यक्ष मनीष शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर मामले की सूचना पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक डॉ. पंकज धरेंद्र और आमेर फोर्ट अधीक्षक राकेश छोलक को दी। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और आमेर थाना पुलिस व वन विभाग को अवैध निर्माण की जानकारी दी गई।
यह दीवार न केवल राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि वैश्विक विरासत के तौर पर भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह के अतिक्रमण पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह अनमोल धरोहर हमेशा के लिए खतरे में पड़ सकती है।
जनता और विशेषज्ञों ने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई करने और जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि प्रशासन इस विरासत को बचाने के लिए कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।

