दीप पर्व के शुभारंभ पर राज्यपाल ने दी बधाई और शुभकामनाएं
सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और प्रकाश फैलने की कामना की
नरेश गुनानी • वरिष्ठ संपादक
17 अक्टूबर 2025, जयपुर। दीपावली के पावन अवसर पर राजभवन में शुक्रवार को एक अनौपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दीप पर्व के शुभारंभ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने इस अवसर पर राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों को मिठाई वितरित की तथा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला पवित्र पर्व है, जो अच्छाई, सद्भावना और एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ समाज में प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने उपस्थित सभी से अपील की कि दीपावली को स्वच्छता, पर्यावरण-संवेदनशीलता और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाए ताकि यह त्योहार वास्तव में आनंद और उजियारे का प्रतीक बन सके।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी और प्रमुख विशेषाधिकारी राजकुमार सागर सहित राजभवन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने राज्यपाल के साथ दीप प्रज्वलन कर दीप पर्व के शुभारंभ का उत्सव उल्लासपूर्वक मनाया।