दीपावली व टूरिस्ट सीजन में सुरक्षा पर जोर
मानक चौक थाना में व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों की बैठक, ई-रिक्शा व अतिक्रमण पर उठी चिंताएं
लोकेंद्र सिंह शेखावत
जयपुर। जयपुर व्यापार महासंघ की ओर से आज मानक चौक थाना क्षेत्र के व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नव नियुक्त थाना इंचार्ज राकेश ख्यालिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर दीपावली त्यौहार और पर्यटक सीजन के दौरान बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में व्यापारियों ने ई-रिक्शा की अव्यवस्था, अतिक्रमण और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि त्यौहार के मौसम में बढ़ती भीड़ के चलते बाजारों में आवागमन बाधित होता है और सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त प्रबंध की आवश्यकता रहती है।
थाना इंचार्ज राकेश ख्यालिया ने व्यापारियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों के साथ मिलकर समाधान निकालने का प्रयास करेगा और त्योहार के दौरान सुरक्षा के लिए अतिरिक्त गश्त, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ अध्यक्ष सुभाष गोयल, महामंत्री सुरेश सैनी, कार्यकारी अध्यक्ष हरीश केडिया, गोपाल जी का रास्ता व्यापार मंडल महामंत्री महेश बैराठी, घी वालों का रास्ता व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज लुहाड़िया, त्रिपोलिया बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता व महामंत्री जाहिद खान गुडेज, हवामहल बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल गांधी, रामगंज बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष हुकुम चंद अग्रवाल, चांदी की टकसाल बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश सिंह और चौड़ा रास्ता व्यापार मंडल अध्यक्ष विवेक भारद्वाज सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने त्योहार और टूरिस्ट सीजन में व्यापारियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करने का संकल्प जताया और सामूहिक प्रयासों से बाजारों को सुरक्षित व सुचारू बनाने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई।

