दीपावली पर सीएनजी स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, राजस्थान स्टेट गैस ने जारी किया टोलफ्री नंबर 18001806135
नरेश गुनानी • वरिष्ठ संपादक
14 अक्टूबर 2025, 01:01 PM, जयपुर।
राजस्थान स्टेट गैस ने कोटा, नीमराणा और कूकस में संचालित अपने सीएनजी स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए हैं। प्रबंध निदेशक ने आम नागरिकों से भी आग्रह किया है कि पटाखे या अन्य ज्वलनशील उत्पाद चलाते समय गैस पाइपलाइन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी गैस रिसाव या आपात स्थिति में तत्काल टोलफ्री नंबर 18001806135 पर सूचित करें।
प्रबंध निदेशक ने दीपावली के अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वर्चुअल संवाद किया और सीएनजी स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशनों पर आने वाले उपभोक्ताओं को भी सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाए और उनकी पालना सुनिश्चित की जाए।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और कंप्रेसर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए भी निर्देश दिए गए।
डीजीएम सीएनपी और डीजीएम मार्केटिंग ने डीपीएनजी और सीएनजी क्षेत्रों में लीक डिटेक्शन टेस्ट कराने के निर्देश दिए। कोटा डीजीएम ओएण्डएम और डीजीएम प्रोजेक्ट ने सुरक्षा मानकों के पालन की तैयारियों की जानकारी दी, जबकि नीमराणा मैनेजर ने सुरक्षा मानकों की शतप्रतिशत पालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
सीएफओ और डीएम आईटी ने आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी, वर्चुअली उपस्थित अधिकारियों और फील्ड अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।