दिसंबर में 230 माइनर मिनरल ब्लॉकों की ई-नीलामी प्रक्रिया शुरु
| नरेश गुनानी
तीन माह में करीब 400 ब्लॉकों की नीलामी का लक्ष्य — प्रमुख सचिव खान टी. रविकान्त
02 दिसंबर 2025| जयपुर
राज्य में दिसंबर माह से 230 माइनर मिनरल प्लॉटों की ई-नीलामी प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। खान एवं पेट्रोलियम विभाग के प्रमुख सचिव टी. रविकान्त ने मंगलवार को सचिवालय में मेजर और माइनर मिनरल ब्लॉकों की ई-नीलामी समीक्षा बैठक के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विभाग ने अगले तीन महीनों के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर लिया है, जिसके अंतर्गत लगभग 400 माइनर मिनरल ब्लॉकों की ई-नीलामी प्रस्तावित है। प्लॉट डेलिनियेशन से लेकर नीलामी पूर्व सभी तैयारियों को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश फील्ड मशीनरी को दिए गए हैं।
रविकान्त ने कहा कि विभाग खनिज खोज कार्य को भी और गति दे रहा है। सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी ढंग से पूरा करने के लिए भारत सरकार के एमएसटीसी प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार मिनरल ब्लॉकों की समयबद्ध नीलामी पर जोर देते रहे हैं, ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लग सके, वैध खनन को बढ़ावा मिले, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ें तथा राज्य सरकार के राजस्व में वृद्धि हो सके।
माइंस निदेशक महावीर प्रसाद मीणा ने बताया कि दिसंबर माह में 104 माइनर मिनरल ब्लॉकों की नीलामी के लिए एनआईबी जारी हो चुकी है, जबकि शेष 126 ब्लॉकों की एनआईबी इसी सप्ताह जारी कर दी जाएगी।
समीक्षा बैठक में संयुक्त सचिव माइंस अरविन्द सारस्वत, एसएमई जयपुर एनएस शक्तावत, विजिलेंस अधिकारी प्रताप मीणा, ओएसडी श्रीकृष्ण शर्मा, एसजी सुनील कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।