दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स/ झारखंड/ नेहा रंजन
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 14,2025
झारखंड के जननायक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक स्वर्गीय शिबू सोरेन की स्मृति में आज प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में मौन सभा आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यालय परिसरों में लगी उनकी तस्वीर पर छात्रों, शिक्षकों और कर्मियों ने पुष्प अर्पित किए और उनके अद्वितीय योगदान को नमन किया।

प्रार्थना सभा के दौरान छात्र-छात्राओं को शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन और समाज सुधार की उनकी निरंतर यात्रा से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने बताया कि किस तरह ‘दिशोम गुरु’ ने अपने जीवन को जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समुदाय के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने महाजनी प्रथा के खिलाफ आदिवासियों को संगठित किया और जनआंदोलन की अलख जगाई।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिल्हा के शिक्षक रीतेश रंजन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिबू सोरेन न केवल एक बड़े राजनेता थे, बल्कि झारखंड आंदोलन के सच्चे सेनानी और प्रेरणास्रोत भी थे। उनके नेतृत्व में हुए धनकटनी आंदोलन और टुंडी आंदोलन ने उन्हें ‘दिशोम गुरु’ की उपाधि दिलाई।
बच्चों ने संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में सत्य, न्याय और समाज सेवा के मूल्यों को अपनाकर देश और समाज के विकास में योगदान देंगे। कार्यक्रम का समापन मौन प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें सभी ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।