दिव्यांग व्यक्तियों का सम्मान, निःशुल्क जांच एवं मार्गदर्शन शिविर का शुभारंभ
28 सितम्बर 2025, अलवर
नरेश गुनानी
वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने रविवार को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत अलवर के लक्ष्मी नगर स्थित सर्वांगीण बाल विकास एवं पुनर्वास केंद्र में दिव्यांग व्यक्तियों के सम्मान, निःशुल्क जांच और मार्गदर्शन शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया।
संजय शर्मा ने शिविर में दिव्यांगजनों के लिए लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि सभी दिव्यांगजन की समुचित जांच कर उन्हें बीमारी के अनुरूप दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने दिव्यांगजनों से संवाद करते हुए राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें जागरूक रहकर इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक निधि से पहले भी अलवर शहर के दिव्यांगजनों को स्कूटी उपलब्ध कराई गई थी और अब शेष पात्र लाभार्थियों को भी स्कूटी दी जा रही है।
संजय शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है और सेवा पखवाड़ा इसी भावना को मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी नगर में सड़कों और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए विधायक निधि से कार्य कराए गए हैं तथा शेष कार्य नगर विकास न्यास के अन्य मदों से जल्द ही गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने कॉलोनीवासियों से आह्वान किया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हर व्यक्ति अपने घर के पास एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे। साथ ही सिंगल यूज पॉलिथीन का उपयोग न करने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और आमजन उपस्थित रहे।
