दिनदहाड़े चोरी की वारदात का छह घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट : हरिप्रसाद शर्मा | संपादन: गौरव कोचर | टेलीग्राफ टाइम्स
चार लाख के गहने बरामद, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता
अजमेर, 21 अगस्त। अजमेर शहर के अजयनगर स्थित शिवदर्शन कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने बरामद कर लिए।
कैसे हुई वारदात
पीड़ित तिलोक मंगनानी (49) निवासी शिवदर्शन कॉलोनी ने बताया कि 25 जुलाई को उन्होंने अपने घर का चैनल गेट ठीक करवाने के लिए स्थानीय वेल्डिंग शॉप से संपर्क किया। दुकान मालिक रवि ने दो कारीगर मुकेश और हेमंत को काम पर भेजा। दोपहर करीब दो बजे दोनों ने तिलोक को गेट का हैंडल बड़ा करवाने के बहाने रवि के पास भेज दिया। इसी दौरान तिलोक कुछ देर के लिए घर से बाहर गए। शाम को लौटने पर कारीगर काम पूरा करके जा चुके थे।
14 अगस्त को जब तिलोक ने घर में रखे गहने जांचे, तो बेड के बक्से से दो सोने के कंगन और 50–60 चांदी के सिक्के गायब मिले। संदेह होने पर उन्होंने रामगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
थानाधिकारी डॉ. रवीश सामरिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगीड़ और वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश सरावग के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मात्र छह घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड
पूछताछ में आरोपी मुकेश पुत्र भगवानदास (27), निवासी गुजरवास, अजयनगर से एक सोने का कंगन और 26 चांदी के सिक्के बरामद किए गए। वहीं हेमंत उर्फ मच्छी पुत्र राजेंद्र (26), निवासी वीर चौक, अजमेर ने चोरी का एक सोने का कंगन मुथुट फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन लिया था, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। मुकेश पर रेलवे संपत्ति चोरी सहित दो मामले दर्ज हैं और वह हाल ही में जेल से छूटकर आया था। हेमंत पर अवैध शराब के चार प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस दोनों से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।