छत्तीसगढ़
दर्दनाक सड़क हादसे में दिनेश चौहान का असामयिक निधन, चार दिन तक कोमा में रहने के बाद ली अंतिम सांस
(रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स संवाददाता, घरघोड़ा/रायगढ़)
Edited By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 20,2025
घरघोड़ा/रायगढ़ :ग्राम पंचायत ठोरम, विकासखंड घरघोड़ा निवासी दिनेश चौहान (उम्र 20 वर्ष) का एक भीषण सड़क हादसे में असामयिक निधन हो गया। दिनेश अपने कोटवार नाना जगतराम को थाना घरघोड़ा छोड़कर घर लौटते समय एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गया। चार दिन तक कोमा में रहने और जीवन-मृत्यु की जंग लड़ने के बाद 15 जून को उसने अंतिम सांस ली।
घटना का विवरण
यह हृदयविदारक घटना 11 जून की दोपहर हुई, जब दिनेश अपने नाना को थाना छोड़ने के बाद ठोरम लौट रहा था। तभी रेम रोड के कंसख्याडीपा राठिया भवन के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही पल्सर बाइक (क्र. CG13 AR 2887), जो नवापारा मोहल्ला निवासी गजानंद साहू चला रहा था, ने सीधे दिनेश की बाइक (क्र. CG13 AE 3428) को टक्कर मार दी।
भयावह भिड़ंत में दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया और तत्काल मौके पर ही बेहोश हो गया। राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा उसे निकटवर्ती सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रायगढ़ और फिर रायपुर रेफर किया गया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

नाना-नानी की पीड़ा छलकी
दिनेश की नानी की आंखों में आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। वे कहती हैं, “मैंने उसे कहा था कि खाना खाकर जाना, पर उसने एक नहीं सुनी। अब वो लौटकर नहीं आएगा।” कोटवार जगतराम, जो दिनेश के बेहद करीब थे, ने इस हादसे को देखकर अपना संयम खो दिया और गहरे सदमे में चले गए।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी पर कार्रवाई की मांग
दिनेश के मामा गनपत चौहान और कोटवार जगतराम ने घरघोड़ा थाना में लिखित आवेदन देते हुए इस मामले की जांच कर आरोपी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दिनेश की मौत के बाद 14 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई गई और 16 जून को अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
फोरम और चौहान समाज ने जताया शोक
सोशल फोरम और चौहान समाज सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम सिंह चौहान ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “दिनेश की असामयिक मृत्यु पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। गणपत जी ने इस दुख की घड़ी में भी संयमित होकर संस्था का मार्गदर्शन किया, यह अनुकरणीय है।”
वरिष्ठ समाजसेवी खेम सिंह, वाहिद सिद्दीकी, धजीत सिंह मोगल सहित चौहान समाज के मोहन चौहान, गुरुजी, गंगा राम, करम सिंह, नरेन्द्र चौहान आदि ने गहरी संवेदना प्रकट करते हुए मृत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।
समाज और क्षेत्र ने दी अंतिम विदाई
दिनेश को अंतिम विदाई देने क्षेत्र के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए। हर आंख नम थी। चौहान समाज, परिजन और शुभचिंतकों ने उसके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
न्याय की मांग:
दिनेश की असमय मृत्यु ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन और समाज यह मांग कर रहे हैं कि लापरवाह वाहन चालक को तुरंत गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाए।