दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में आधुनिक दूरसंचार सुविधा का शुभारंभ
महाप्रबंधक ने किया जीएम इंटरकॉम एक्सचेंज का उद्घाटन, कार्य प्रणाली हुई अधिक प्रभावी
गणपत चौहान,ब्यूरो चीफ़ छत्तीसगढ़, टेलीग्राफ टाइम्स।
बिलासपुर, 8 सितम्बर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और पारदर्शिता लाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने आधुनिक जीएम इंटरकॉम एक्सचेंज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू, प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री जी.पी. खूंटे, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर श्री राजमल खोईवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
नई तकनीक से रेलवे को मिलेगा लाभ
नया इंटरकॉम एक्सचेंज अत्याधुनिक एस्टरिस्क आधारित आईपी टेलीकॉम प्रणाली पर आधारित है। इसमें वॉइस ओवर आईपी (VoIP) तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे टेबलटॉप आईपी फोन के जरिए ऑडियो व वीडियो कॉल की जा सकेंगी। इसके साथ ही कॉल कॉन्फ्रेंसिंग, वन-टच डायलिंग, कॉल ट्रांसफर, कॉल फॉरवर्डिंग जैसी उन्नत सुविधाएँ भी उपलब्ध होंगी।
इस प्रणाली से बड़े डिस्प्ले यूनिट (टीवी/पीसी) पर वीडियो कॉल भी प्रदर्शित किए जा सकते हैं, जिससे संवाद और निर्णय प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व सुविधाजनक होगी।
ओपन सोर्स आधारित सुरक्षित प्रणाली
एस्टरिस्क तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह ओपन सोर्स आधारित है और किसी भी कंपनी के हार्डवेयर के साथ आसानी से कार्य कर सकती है। इससे न केवल लागत में कमी आएगी बल्कि रेलवे में कार्य की गति, दक्षता और विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
अन्य मंडलों तक विस्तार का निर्देश
महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस नई सुविधा को शीघ्र ही रायपुर और नागपुर मंडलों सहित रेलवे आवासों तक भी लागू किया जाए। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यापक स्तर पर लाभ मिलेगा तथा आपसी संवाद और कार्य समन्वय और मजबूत होगा।
रेलवे प्रशासन को मिलेगा नया आयाम
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह पहल दूरसंचार सेवाओं को आधुनिक, उपयोगी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। नई प्रणाली से प्रशासनिक कार्य न केवल सुगम होंगे बल्कि निर्णय प्रक्रिया भी तेज और पारदर्शी बनेगी।

