जयपुर / प्रीति बालानी/राजस्थान को जल-समृद्ध बनाने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों से मरुस्थलीय क्षेत्रों में जल प्रबंधन का नया अध्याय शुरू हुआ है। थार के मरुस्थल में जल संचयन को लेकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इंदिरा गांधी नहर परियोजना की मुख्य नहर स्थित आरडी-1356 एस्केप संरचना को 28 किलोमीटर की विशाल परिधि वाले जलाशय के रूप में विकसित कर दिया गया है।
मानसून के दौरान जब पंजाब की ओर से अतिरिक्त पानी आएगा, तो इस कृत्रिम झील का नज़ारा रेतीले धोरों के बीच एक लहराते समंदर जैसा नज़र आएगा। जैसलमेर जिले के घांटियाली क्षेत्र में बना यह जलाशय जैसलमेर और बाड़मेर जिलों की भविष्य की पेयजल व जल ज़रूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा।
पाकिस्तान जाने वाले बेकार पानी पर लगेगी रोक
इंदिरा गांधी मुख्य नहर प्रणाली में आपात स्थितियों और अत्यधिक डिस्चार्ज के समय पानी को बाहर निकालने के लिए एस्केप संरचनाएं बनाई गई थीं। मानसून के समय सिंचाई की मांग कम होने पर पर्याप्त संग्रहण व्यवस्था न होने के कारण भारी मात्रा में अतिरिक्त जल अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पाकिस्तान बह जाता था।
इस बहुमूल्य जल को सहेजने के लिए जल जीवन मिशन के तहत चार एस्केप रिजर्वायर की योजना स्वीकृत की गई थी:
- सत्तासर (बीकानेर): आरडी-507 के पास (कार्य पूर्ण)
- जैसलमेर: बुर्जी 1356 जलाशय (कार्य पूर्ण)
- गजनेर लिफ्ट क्षेत्र (बीकानेर): आरडी-750 के पास
- जोधपुर: आरडी-1121 के पास
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद इन सुस्त पड़ी परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई गई, जिसके परिणामस्वरूप आरडी-507 और बुर्जी 1356 रिजर्वायर का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।
20 लाख परिवारों को मिलेगा सीधा फायदा
इन चारों जलाशयों के पूर्ण रूप से सक्रिय होने के बाद जल जीवन मिशन की 43 वृहद पेयजल परियोजनाओं को अतिरिक्त जल उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे क्षेत्र के 6,707 गांवों के 20 लाख से अधिक परिवारों को शुद्ध पेयजल की सुगम आपूर्ति हो सकेगी।
रिजर्वायर की मुख्य विशेषताएं
- विशाल क्षमता: औसतन 13 मीटर गहरे बुर्जी 1356 रिजर्वायर की कुल भंडारण क्षमता 1406 एमसीएफटी (MCFT) है।
- रिफ्रांसिंग तकनीक (HDPE Sheet): रेतीली मिट्टी में पानी के रिसाव (Seepage) को पूरी तरह रोकने के लिए जलाशय की तली और ढलानों पर विशेष एचडीपीई (HDPE) शीट बिछाई गई है।
- नहरबंदी में सहारा: इंदिरा गांधी नहर में वार्षिक रखरखाव या नहरबंदी के दौरान यह जलाशय पूरे क्षेत्र के लिए एक मजबूत और सुरक्षित ‘रिजर्व वॉटर बैंक’ की भूमिका निभाएगा।