थाना सुभाष चौक की बड़ी कार्रवाई: एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 147 एटीएम कार्ड बरामद
| गौरव कोचर
थाना सुभाष चौक, जयपुर उत्तर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 147 एटीएम कार्ड, वारदात में प्रयुक्त बिना नम्बरी क्रेटा कार तथा 49 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। अभियुक्तों ने जयपुर, हरियाणा व दिल्ली में 100 से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि परिवादिया राखी दास निवासी सुभाष चौक, जयपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम कार्ड से सुभाष चौक सर्किल स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई थी। रुपये निकालने के दौरान दो युवकों ने उसे बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके खाते से 1,53,000 रुपये निकाल लिए।
इस पर थाना सुभाष चौक में मुकदमा संख्या 193/2025, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर प्रथम नीरज पाठक के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त माणक चौक पियूष कविया के सुपरविजन में थानाधिकारी कृष्ण कुमार (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोहम्मद तौफीक खान पुत्र दीना मेव, उम्र 36 वर्ष, निवासी गांव सिरोली, थाना पुन्हाना, जिला नूंह (हरियाणा) तथा मौसमी खान उर्फ कासिम पुत्र शब्बीर खान, उम्र 25 वर्ष, निवासी गांव अमीनाबाद, थाना बिछोर, जिला नूंह (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 147 एटीएम कार्ड, बिना नम्बरी क्रेटा कार और 49 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एटीएम मशीन के आसपास लोगों को सहायता के बहाने फंसाकर उनका कार्ड बदल लेते थे और बाद में खाते से रुपये निकाल लेते थे। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न थानों में पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
यह कार्रवाई जयपुर पुलिस द्वारा एटीएम ठगी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।
पुलिस टीम : ग्यारसी लाल, दुलीचंद, दीपेन्द्र सिंह, दिनेश कुमार, राहुल, कुलदीप सिंह, मुकेश सिंह (विशेष भूमिका: दीपेन्द्र सिंह व राहुल)।

