तेज रफ्तार बजरी डंपर ने मचाई तबाही, पुष्कर की बांगड़ बगीची में घुसकर गेट और पेड़ तोड़े, चालक फरार
Edited By: लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 19, 2025
रिपोर्ट: हरिप्रसाद शर्मा, पुष्कर
पुष्कर में खुलेआम तेज रफ्तार से दौड़ते बजरी के डंपर अब यमदूत बनते जा रहे हैं। बिना नंबरों के ये डंपर अवैध रूप से बजरी की आपूर्ति करते हुए सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। सोमवार सुबह एक ऐसा ही खतरनाक नज़ारा अजमेर चुंगी नाके के पास देखने को मिला, जब एक बेकाबू डंपर बांगड़ की बगीची की दीवार और गेट तोड़ता हुआ अंदर घुस गया।
घटना सुबह भटवाय गणेश लिंक रोड से तेज गति से आ रहे डंपर की है। डंपर बेकाबू होकर दाता सत्संग भवन के पास स्थित बागंड बगीची की लोहे की दीवार व मुख्य द्वार को तोड़ते हुए भीतर जा घुसा और बगीचे में खड़े कई पेड़ों को उखाड़ते हुए काफी आगे जाकर रुका।

पर्यावरण को पहुँचा भारी नुकसान
हालाँकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन बगीचे के पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुँची है। कई पुराने पेड़ धराशायी हो गए हैं, जिससे हरियाली और जैव विविधता को नुकसान हुआ है।
पुलिस आने से पहले डंपर चालक फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार डंपर चालक ने मौके की नजाकत को भांपते हुए पुलिस और बगीचे के मालिक के आने से पहले ही टूटे हुए गेट व पेड़ों को हटाया और डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। यही नहीं, बताया जा रहा है कि उसने बगीचे में ही बजरी खाली कर दी थी।
प्रशासन पर उठे सवाल
यह घटना प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े करती है। शहर में बिना नंबर और ओवरलोड डंपर खुलेआम दौड़ रहे हैं, लेकिन उन्हें रोकने के कोई ठोस प्रयास नज़र नहीं आते। बांगड़ बगीची जैसी घटना आने वाले समय में किसी बड़ी दुर्घटना का संकेत हो सकती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर की तलाश शुरू कर दी गई है। बगीचे के मालिक द्वारा शिकायत दर्ज करवा दी गई है।
स्थानीय नागरिकों की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के अवैध और तेज रफ्तार डंपरों पर तुरंत कार्रवाई हो, और शहर में अवैध बजरी सप्लाई पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए।
पुष्कर में बेकाबू और अवैध डंपर अब जान और पर्यावरण दोनों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। प्रशासन को समय रहते ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है, अन्यथा भविष्य में इससे भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।