तुलसी पौधों और गंगाजल वितरण के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
लोकेंद्र सिंह शेखावत •
जयपुर, 27 अक्टूबर। देवउठनी एकादशी से पूर्व आडवाणी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सोमवार को तुलसी के पौधों और गंगाजल का निशुल्क वितरण कर पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक परंपराओं के संवर्धन का संदेश दिया गया।
गुलाबी नगर के आराध्य देव गोविंद देव जी मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में 1101 तुलसी पौधों और गंगाजल की बोतलों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य भक्तों को न केवल धार्मिक आस्था से जोड़ना था, बल्कि उन्हें पर्यावरण के प्रति सजग और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देना भी था।
आडवाणी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष हितेष आडवाणी ने बताया कि देवउठनी एकादशी के अवसर पर पारंपरिक तुलसी विवाह का आयोजन धार्मिक महत्व रखता है, और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ट्रस्ट ने यह सेवा कार्य किया। उन्होंने कहा कि तुलसी न केवल धार्मिक दृष्टि से पवित्र मानी जाती है, बल्कि वैज्ञानिक रूप से भी पर्यावरण के लिए अत्यंत लाभकारी है।
उन्होंने बताया कि गोविंद देव जी मंदिर के बाहर सुबह से ही ट्रस्ट के सदस्य श्रद्धालुओं को तुलसी के पौधे और गंगाजल भेंट करते रहे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संदेश दिया गया कि वे अपने घरों में तुलसी का पौधा अवश्य लगाएं, नियमित देखभाल करें और आसपास हरियाली बढ़ाने में योगदान दें।
हितेष आडवाणी ने कहा कि “हर पौधा एक प्रार्थना है और हर बूंद जल जीवन का प्रतीक।” उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल संरक्षण को अपनाने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान दीपक जगवानी, सुनीता आडवाणी, घनश्याम मुलानी, हिमांशु शर्मा, जयसिंह चौधरी सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे जन-जागरूकता के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।