तीर्थराज पुष्कर में उत्तराखंड की लोक देवी मां नंदा का डोला आज: कुर्मांचल घाट पर होगा पूजन, धूमधाम से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

​उत्तराखंड धर्मशाला में विश्राम के बाद सुबह होगी महाआरती​बैंड-बाजों के साथ नगर भ्रमण कर पवित्र पुष्कर सरोवर पहुंचेगा डोला​पंडित जगदीश प्रसाद कराएंगे विशेष सरोवर पूजन, महाप्रसाद का होगा आयोजन

​पुष्कर (अजमेर) — हरिप्रसाद शर्मा:

तीर्थराज पुष्कर की पावन धरा पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार उत्तराखंड की प्रसिद्ध आराध्य लोक देवी मां नंदा का पावन डोला बुधवार को पुष्कर पहुंच रहा है। उत्तराखंड के इस पारंपरिक और धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पुष्कर स्थित उत्तराखंड समाज और स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

​उत्तराखंड धर्मशाला में होगा रात्रि विश्राम और महाआरती

उत्तराखंड आश्रम के अध्यक्ष डॉ. एस.एस. तड़ागी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि देवी नंदा का डोला बुधवार देर रात तक पुष्कर पहुंचेगा। यहां पहुंचने पर श्रद्धालुओं द्वारा डोले की अगवानी की जाएगी और ससम्मान उत्तराखंड धर्मशाला ले जाया जाएगा। गुरुवार प्रातः काल धर्मशाला परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवी की विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न होगी।

​भव्य शोभायात्रा और कुर्मांचल घाट पर सरोवर पूजन

प्रातः कालीन पूजन के उपरांत मां नंदा के डोले की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ पुष्कर नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में उत्तराखंड समाज के हजारों महिला-पुरुष, युवा एवं श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में शामिल होंगे।

​शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए पवित्र पुष्कर सरोवर के कुर्मांचल घाट पहुंचेगी। कुर्मांचल घाट पर तीर्थ पुरोहित पंडित जगदीश प्रसाद के सान्निध्य में पवित्र सरोवर के जल से डोले और मां नंदा का अभिषेक व विशेष पूजन संपन्न कराया जाएगा।

​भोग और महाप्रसाद वितरण

घाट पर सरोवर पूजन की रस्म पूरी होने के बाद डोला शोभायात्रा के रूप में पुनः अपने गंतव्य स्थल उत्तराखंड धर्मशाला पहुंचेगा। वहां विधि-विधान से मां नंदा को विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। भोग आरती के पश्चात विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन होगा, जिसमें उत्तराखंड समाज के बंधुओं के साथ पुष्कर नगर के अनेक प्रबुद्ध व गणमान्य नागरिक प्रसादी ग्रहण करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related