तीन साल बाद रेगिस्तान के धोरों से दबोचा गया ₹25,000 का इनामी तस्कर
पाकिस्तान सीमा से मादक पदार्थों की सप्लाई में वांछित आरोपी स्वरूप सिंह गिरफ्तार, नेटवर्क के 8 सदस्य पहले ही सलाखों के पीछे
रिपोर्ट गौरव कोचर टेलीग्राफ टाइम्स
_________________________
जयपुर, 12 नवम्बर। बाड़मेर जिला पुलिस ने पाकिस्तान सीमा से जुड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन साल से फरार चल रहे ₹25,000 के इनामी अपराधी स्वरूप सिंह पुत्र सुजानसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव नरसिंगार, थाना गडरारोड़ का निवासी है और एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित था। यह कार्रवाई सीमा पार से हो रही हेरोईन तस्करी पर नकेल कसने के पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान के तहत की गई।
रेत के धोरों में चला पीछा, कांस्टेबल ने दिखाई वीरता
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि इस सफल ऑपरेशन को वृताधिकारी वृत रामसर माना राम गर्ग के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने जब इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, तो आरोपी स्वरूप सिंह भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान कांस्टेबल भवानी सिंह ने असाधारण साहस और तत्परता का परिचय देते हुए अकेले ही रेत के ऊंचे धोरों और नाणों में उसका पीछा किया और आखिरकार उसे दबोच लिया।
सीमा क्षेत्र का जानकार निकला तस्कर
जांच में सामने आया कि स्वरूप सिंह पहले बकरियां चराने का काम करता था, जिससे उसे बॉर्डर इलाके का भलीभांति ज्ञान था। धीरे-धीरे वह स्थानीय तस्करों के संपर्क में आया और पाकिस्तान से हेरोईन की खेप भारत लाने के कार्य में शामिल हो गया।
आरोपी सीमा पार से हेरोईन प्राप्त कर उसे आगे दिल्ली और पंजाब के तस्करों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाता था।
अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार, हेरोईन और नकदी बरामद
इस प्रकरण में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने उनके कब्जे से 312 ग्राम अधजली हेरोईन, ₹16 लाख 06 हजार 500 रुपये नकद, एक आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार स्वरूप सिंह 164वें इनामी अपराधी के रूप में दस्तयाब किया गया है।
कोडवर्ड में होती थी बातचीत
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी और उसके साथी आपसी संपर्क के लिए कोडवर्ड्स का इस्तेमाल करते थे ताकि किसी को शक न हो। वे कहते थे – “तुम्हारा कपड़ा आ गया”, “सिलाई के पैसे लाओ”, “कपड़े ले जाओ” — यह संकेत हेरोईन की खेप, भुगतान और डिलीवरी के लिए दिए जाते थे।
प्रत्येक खेप की सप्लाई पर इन्हें प्रति पैकेट ₹1 लाख तक का कमीशन मिलता था।
राजस्थान के कई जिलों तक फैला नेटवर्क
जांच से यह भी सामने आया है कि यह नेटवर्क केवल बाड़मेर तक सीमित नहीं था। हेरोईन सप्लाई से जुड़े मामले जैसलमेर और श्रीगंगानगर जिलों के चार अन्य थानों में भी दर्ज हैं। अब तक इन मामलों में करीब 28 किलो हेरोईन बरामद की जा चुकी है।
पुलिस की अगली कार्रवाई
बाड़मेर पुलिस अब स्वरूप सिंह से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य संचालकों और सीमा पार के संपर्क सूत्रों की जानकारी जुटा रही है।
एसपी मीना ने बताया कि राजस्थान पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और इंटेलिजेंस नेटवर्क को और मजबूत कर रही है ताकि पाकिस्तान से हो रही ड्रग सप्लाई की जड़ों तक पहुंचा जा सके।
यह सफलता न केवल राजस्थान पुलिस की सतर्कता का परिणाम है, बल्कि सीमा पार अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक अहम कदम भी है।