डॉ. सुरेश गर्ग को श्रद्धांजलि
(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/अजमेर।
पुष्कर के प्रख्यात सम्पादक, वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी तथा महात्मा गांधी स्मृति संस्थान पुष्कर के सह-अध्यक्ष डॉ. सुरेश गर्ग के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सोमवार को पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष जनार्दन शर्मा ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए डॉ. गर्ग को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
जनार्दन शर्मा ने कहा कि डॉ. सुरेश गर्ग केवल पत्रकार नहीं, बल्कि समाज के सच्चे प्रहरी थे। उन्होंने योग, प्राकृतिक चिकित्सा तथा आयुर्वेद पद्धति के माध्यम से वर्षों तक गरीब और वंचित लोगों की निस्वार्थ सेवा की। समाजहित के मुद्दों पर उनकी दृढ़ता और निर्भीक संपादन शैली ने उन्हें एक जुझारू पत्रकार और सजग जनसेवक के रूप में स्थापित किया।
शर्मा ने बताया कि डॉ. गर्ग का जीवन समाजसेवा, मानवीय मूल्यों और राष्ट्रीय विचारों को समर्पित रहा। महात्मा गांधी स्मृति संस्थान में सह-अध्यक्ष के रूप में उन्होंने गांधीवादी विचारधारा के प्रसार और युवाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी पहचान एक कर्मशील, सरल स्वभाव और सतत सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सदैव याद की जाएगी।
स्थानीय पत्रकार समुदाय, समाजसेवी संगठनों और चिकित्सा-जगत से जुड़े लोगों ने भी उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। सभी ने एक मत में कहा कि डॉ. गर्ग का योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
डॉ. सुरेश गर्ग के निधन से पुष्कर व अजमेर सहित समूचे प्रदेश में शोक की भावना व्याप्त है। समाज ने एक संवेदनशील लेखक, समर्पित पत्रकार और निस्वार्थ समाजसेवी को खो दिया है।