डॉ. मनसुख मांडविया ने माई भारत मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की
नई दिल्ली, 05 सितम्बर 2025 , गणेश शर्मा, टेलीग्राफ टाइम्स
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली स्थित माई भारत मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि एनडीएमए द्वारा प्रशिक्षित 1,000 से अधिक माई भारत आपदा मित्र बाढ़ प्रभावित पंजाब और हिमाचल प्रदेश में राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से सहायता के लिए तैनात किए जाएंगे।
डॉ. मांडविया ने बताया कि ये युवा स्वयंसेवक मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि आपूर्ति और आवश्यक सेवाएं उन दूर-दराज के गांवों तक पहुंचें, जो प्राकृतिक आपदा के कारण लगभग दुर्गम हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं द्वारा दी जा रही यह सहायता इस बात का प्रमाण है कि माई भारत ने राष्ट्र निर्माण के लिए व्यापक पैमाने पर युवाओं को संगठित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि प्रभावित समुदायों को समय पर और प्रभावी राहत प्रदान करने के लिए जिला युवा अधिकारियों और माई भारत स्वयंसेवकों को जिला मजिस्ट्रेटों के साथ निकट समन्वय में कार्य करना चाहिए।
माई भारत के बारे में
मेरा युवा भारत (माई भारत) वर्ष 2023 में लॉन्च किया गया एक अग्रणी राष्ट्रव्यापी फिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है। इसे युवाओं को स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षा और नेतृत्व के अवसरों के माध्यम से जोड़ने, संगठित करने और सशक्त बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
अब तक 1.7 करोड़ से अधिक युवा इस प्लेटफ़ॉर्म पर पंजीकरण करा चुके हैं और सड़क सुरक्षा, मतदाता जागरूकता, पर्यावरणीय स्थिरता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।