डेयरी क्षेत्र के लोगों के लिए गोपाल रत्न पुरस्कार, 5 लाख रुपये तक
रिपोर्ट मधु सुदन शर्मा। संपादन नरेश गुनानी ।टेलीग्राफ टाइम्स
25 अगस्त 2025, 03:38 PM, जयपुर – देश में दुग्ध उत्पादन पिछले कुछ वर्षों में बढ़ा है। दुग्ध उत्पादन क्षेत्र को और अधिक प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार हर वर्ष डेयरी किसानों, सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान करने वाले तकनीशियन और दुग्ध उत्पादक कंपनियों को गोपाल रत्न पुरस्कार प्रदान करती है।
पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि गाय और भैंसों की प्रमाणित स्वदेशी नस्लों की डेयरी करने वाले किसान, सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान करने वाले तकनीशियन और सहकारी व दुग्ध उत्पादक कंपनियां राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना के तहत गोपाल रत्न पुरस्कार के लिए पात्र हैं। इस वर्ष भी पुरस्कार के लिए 15 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
कुमावत ने कहा कि पुरस्कार का प्रमुख उद्देश्य स्वदेशी दुधारू गायों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करना, कृत्रिम गर्भाधान करने वाले तकनीशियनों को 100 प्रतिशत ए.आई. कवरेज सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना और सहकारी तथा दुग्ध उत्पादक कंपनियों में प्रतिस्पर्धा और विकास को बढ़ावा देना है।
गोपाल रत्न पुरस्कार के लिए पात्रता इस प्रकार है:
- गाय/भैंसों की डेयरी करने वाले किसान वही होंगे जो गाय की 53 प्रमाणित देशी नस्लों या भैंस की 20 प्रमाणित देशी नस्लों में से किसी एक का पालन करते हों।
- राज्य/पशुधन विकास बोर्ड, दुग्ध फेडरेशन, गैर सरकारी संगठन या निजी क्षेत्र के कोई भी कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन जिन्होंने कम से कम 90 दिन का प्रशिक्षण प्राप्त किया हो।
- सहकारी या कंपनी अधिनियम के तहत स्थापित दुग्ध उत्पादक समितियां/एमपीसी/एफपीओ, जो प्रतिदिन कम से कम 100 लीटर दूध का उत्पादन करती हों और 50 किसान सदस्यों वाली हों।
राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना के तहत गोपाल रत्न पुरस्कार की राशि तीन श्रेणियों में दी जाएगी:
- प्रथम स्थान: 5 लाख रुपये
- द्वितीय स्थान: 3 लाख रुपये
- तृतीय स्थान: 2 लाख रुपये
विजेताओं को यह पुरस्कार 26 नवम्बर 2025 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
सभी इच्छुक किसान, कृत्रिम गर्भाधान करने वाले तकनीशियन और सहकारी/दुग्ध उत्पादक कंपनियां पुरस्कार के लिए पशुपालन, मत्स्य और डेयरी विभाग, भारत सरकार की वेबसाइट https://awards.gov.in पर 15 सितम्बर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

