डीजीएमएस निदेशक विद्युत ने जामपाली खदान का किया निरीक्षण, सुरक्षा व श्रम हितों पर दी महत्वपूर्ण सीख
सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने के निर्देश, चार श्रम संहिताओं पर किया जागरूक
गणपत चौहान छत्तीसगढ़
रायगढ़।
भारत सरकार के केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन कार्यरत खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS), वेस्टर्न जोन नागपुर के निदेशक (खान एवं सुरक्षा–विद्युत) श्री आनंद अग्रवाल ने सोमवार की शाम एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्र की जामपाली खुली खदान (OCM) का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ वेस्टर्न जोन के उपनिदेशक (विद्युत) महिपाल सिंह राठौर भी मौजूद रहे।
निरीक्षण दल में जामपाली ओसीएम के उपक्षेत्रीय प्रबंधक सह महाप्रबंधक (खनन) सुनील प्रसाद, स्टाफ ऑफिसर (विद्युत एवं यांत्रिक) महेंद्र पात्रों, खान प्रबंधक प्रेमचंद मेहरा सहित तकनीकी व सुरक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी सम्मिलित रहे।
खदान की विद्युत सुरक्षा की गहन समीक्षा
निरीक्षण के दौरान निदेशक श्री आनंद अग्रवाल ने खदान परिसर में
- विद्युत सुरक्षा मानकों,
- यांत्रिक उपकरणों की कार्यप्रणाली,
- सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन
का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को विद्युतीय सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, समय-समय पर सुरक्षा ऑडिट करने तथा उपकरणों के नियमित रखरखाव पर जोर देने के निर्देश दिए।
चार श्रम संहिताओं पर जागरूकता कार्यक्रम
निरीक्षण के पश्चात देर शाम जामपाली ओसीएम के सभागार कक्ष में श्रमिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केन्द्र सरकार द्वारा लागू की गई चार नई श्रम संहिताओं—
- मजदूरी संहिता 2019
- सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020
- औद्योगिक संबंध संहिता
- व्यवसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशाएं संहिता (OSH Code) 2020
—के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
डीजीएमएस निदेशक आनंद अग्रवाल और उपनिदेशक महिपाल सिंह राठौर ने क्रमवार रूप से इन संहिताओं में मजदूरों के अधिकार, सुरक्षा प्रावधान, सामाजिक सुरक्षा लाभ, महिला कामगारों से जुड़े अधिकार एवं औद्योगिक संबंधों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु सरल भाषा में समझाए।
मजदूरों को मिला लाभकारी मार्गदर्शन
अधिकारियों ने बताया कि नई श्रम संहिताओं से—
- कामगारों को बेहतर सुरक्षा,
- समय पर मजदूरी,
- सामाजिक सुरक्षा लाभों की उपलब्धता,
- कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण,
- और औद्योगिक विवादों के त्वरित निस्तारण
जैसे अनेक लाभ सुनिश्चित होते हैं।
जागरूकता कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों तथा महिला कामगारों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।