डिजिटल राजस्थान: ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा पर अब 103 सरकारी सेवाएं उपलब्ध, 2.32 लाख से अधिक ट्रांजैक्शन दर्ज

जयपुर/नरेश गुनानी/राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा ने डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। 1 जुलाई को ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ई-गवर्नेंस’ के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा शुरू की गई इस सेवा का दायरा तेजी से बढ़ाते हुए अब इस पर उपलब्ध सेवाओं की संख्या 51 से बढ़ाकर 103 कर दी गई है।

​सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के विशिष्ट सचिव एवं आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने जानकारी दी कि बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत ई-मित्र वॉट्सऐप के माध्यम से 100 से अधिक सरकारी सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। प्रदेशभर में नागरिक वॉट्सऐप नंबर 9461062705 के माध्यम से इन सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं और अब तक इस पर 2.32 लाख से अधिक सफल ट्रांजैक्शन दर्ज किए जा चुके हैं।

​एक ही प्लेटफॉर्म पर प्रमुख विभागों की सेवाएं उपलब्ध

ई-मित्र वॉट्सऐप प्लेटफॉर्म पर राजस्व, गृह, जन आधार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, डिस्कॉम, स्थानीय निकाय, शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHED), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा पुलिस विभाग की प्रमुख सेवाएं एकीकृत की गई हैं। इन 103 सेवाओं को चार मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया है:

  • ​एप्लीकेशन (32 सेवाएं): मूल निवास (बोनाफाइड) प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, ईडब्ल्यूएस आय एवं परिसंपत्ति प्रमाण-पत्र, नए बिजली कनेक्शन हेतु आवेदन तथा बिजली व पुलिस संबंधी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा।
  • ​डाउनलोड (36 सेवाएं): जन आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण-पत्र, जमाबंदी (नकल), राशन कार्ड, एनएफएसए प्रमाण-पत्र और बिजली बिल की प्रति सीधे वॉट्सऐप पर पीडीएफ रूप में प्राप्त की जा सकती है।
  • ​पेमेंट (6 सेवाएं): पानी और बिजली के बिलों का भुगतान, डिस्कॉम की डिमांड राशि का भुगतान तथा राजस्थान महिला निधि की ईएमआई चुकाने की आसान सुविधा।
  • ​स्टेटस चेक (29 सेवाएं): ई-मित्र ट्रांजैक्शन स्टेटस, जॉब कार्ड स्टेटस, बिजली शिकायतों की अद्यतन स्थिति और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के आवेदनों की स्थिति ट्रैक करने की सुविधा।

​घर बैठे ऐसे उठाएं सुविधा का लाभ

नागरिकों के लिए इस सेवा का उपयोग बेहद सरल बनाया गया है:

  1. ​अपने मोबाइल फोन में ई-मित्र हेल्पलाइन नंबर 9461062705 सेव करें।
  2. ​इस नंबर पर वॉट्सऐप पर ‘Hi’, ‘Hello’, ‘eMitra’ अथवा ‘Team’ लिखकर भेजें।
  3. ​अपनी पसंदीदा भाषा (हिंदी या अंग्रेजी) का चयन करें।
  4. ​स्क्रीन पर प्रदर्शित सेवाओं की सूची में से आवश्यक सेवा चुनें और निर्देशों का पालन कर लाभ उठाएं।

​कियोस्क और मोबाइल ऐप पर भी होगा एकीकरण

सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग इन सभी सेवाओं को ई-मित्र मोबाइल एप्लीकेशन और ई-मित्र कियोस्क नेटवर्क पर भी एपीआई (API) इंटीग्रेशन के माध्यम से उपलब्ध कराने पर कार्य कर रहा है। इससे नागरिकों को सभी डिजिटल माध्यमों पर एक समान और निर्बाध सेवा अनुभव प्राप्त होगा।

​यह पहल नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाकर पारदर्शी, त्वरित और समयबद्ध सेवा वितरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित हो रही है। आने वाले समय में अन्य विभागों की महत्वपूर्ण सेवाओं को भी चरणबद्ध तरीके से इस वॉट्सऐप सेवा से जोड़ा जाएगा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र: सड़कों के विकास के लिए 4.24 करोड़ रुपये की सौगात, विधानसभा अध्यक्ष के प्रयासों को मिली गति

अजमेर/ नरेश गुनानी/राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निरंतर...