डिजिटल क्रांति के युग से कदमताल करे शिक्षा बोर्ड – वासुदेव देवनानी
13 अगस्त 2025, 09:10 PM | जयपुर | लोकेंद्र सिंह शेखावत
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर में मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। उन्होंने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और शिक्षा बोर्ड को पूरी तरह डिजिटल बनाने पर जोर दिया।
देवनानी ने कहा कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड देश के प्रतिष्ठित शिक्षा बोर्डों में से एक है, जिसकी विद्यार्थी संख्या बहुत बड़ी है और कार्यप्रणाली भी सराहनीय है। अब समय आ गया है कि बोर्ड अपने कामकाज को एक कदम और आगे बढ़ाकर पूर्णतः डिजिटाइज करे, ताकि शिक्षक, विद्यार्थी, स्कूल और कर्मचारी सभी को सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि यदि बोर्ड की सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन हो जाएं, तो स्कूलों और विद्यार्थियों को अपने कार्यों के लिए अजमेर आने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने सुझाव दिया कि बोर्ड को ‘कर्मचारी दर्पण पोर्टल’ जैसी पहल करनी चाहिए, जिस पर कर्मचारियों से संबंधित सभी आंकड़े ऑनलाइन उपलब्ध हों, ठीक उसी तरह जैसे शिक्षा विभाग का ‘शाला दर्शन’ और ‘शाला दर्पण’ पोर्टल काम करता है। इससे प्रमोशन और अन्य प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी और समय की बचत होगी।
वासुदेव देवनानी ने कहा कि आज डिजिटल क्रांति का युग है और शिक्षा बोर्ड को अपने कामकाज को पूरी तरह डिजिटल मोड में बदलना चाहिए। विद्यार्थियों और स्कूलों से जुड़े सभी आवेदन और कार्य ऑनलाइन हों तथा प्रमाणपत्र एक ही दिन में जारी कर दिए जाएं।
उन्होंने शिक्षा बोर्ड के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बोर्ड का दसवीं का प्रमाणपत्र जन्मतिथि का आधिकारिक दस्तावेज होता है और इसकी परीक्षा विद्यार्थी के जीवन की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक है। इस कारण इसकी प्रतिष्ठा और शुचिता को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ बोर्ड की साख को उच्चतम स्तर तक पहुंचाएं।
देवनानी ने यह भी कहा कि आने वाले समय में बोर्ड को अपने कामकाज, पाठ्यक्रम और परीक्षा पद्धति को नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप ढालना होगा। शिक्षा और संस्कार निर्माण में बोर्ड की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर बोर्ड सचिव कैलाश चन्द्र शर्मा ने कहा कि बोर्ड पूरी क्षमता के साथ विद्यार्थी हित में कार्य कर रहा है और आने वाले समय में इसे और अधिक पारदर्शी तथा विद्यार्थी हितैषी बनाया जाएगा।
कर्मचारी संघ अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और महामंत्री करण सिंह यादव ने कहा कि शिक्षा बोर्ड के कर्मचारी हमेशा विद्यार्थी हित में प्रयत्नशील रहते हैं और बोर्ड के उन्नयन के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, महामंत्री करण सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हर्ष खत्री, संयुक्त मंत्री के.जी. कुमावत, संगठन मंत्री अनिकेत महावर और कोषाध्यक्ष शिव शंकर शर्मा ने शपथ ली। इस अवसर पर विशेषाधिकारी नीतू यादव, वित्तीय सलाहकार रश्मि बिस्सा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
