गनपत चौहान
रायगढ़। नशे के सौदागरों और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजे की खेप को रास्ते में ही रोककर तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्रवाई में गांजे सहित तस्करी में इस्तेमाल हो रही दो लग्जरी कारों और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सटीक सूचना मिली थी कि उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से दो सफेद रंग की लग्जरी कारों के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा मध्यप्रदेश के अनूपपुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रायगढ़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल क्षेत्र में सख्त नाकेबंदी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए कटकलिया मार्ग समेत विभिन्न संवेदनशील रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
’डबल नंबर प्लेट’ ने खोली तस्करों की पोल
कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम को उड़ीसा की ओर से आती हुई एक सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति सुजुकी XL-6 कार दिखाई दी। पुलिस ने जब इन्हें रोककर जांच शुरू की, तो इनोवा कार को देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए। शातिर तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए इनोवा पर दोहरी (डबल) नंबर प्लेट लगा रखी थी।
वाहन पर ऊपर की तरफ ‘ODH-0050’ नंबर की प्लेट लगी थी, जिसके ठीक नीचे छत्तीसगढ़ का नंबर ‘CG-13-BY-6540’ अंकित दूसरी नंबर प्लेट छिपाई गई थी। डबल नंबर प्लेट मिलते ही पुलिस का संदेह पुख्ता हो गया और जब दोनों वाहनों की बारीकी से तलाशी ली गई, तो उनके भीतर भारी मात्रा में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
300 किलो गांजा और आईफोन सहित 1.86 करोड़ का माल जब्त
पुलिस ने दोनों लग्जरी वाहनों से कुल 300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा जब्त की गई कुल संपत्ति का ब्योरा इस प्रकार है:
- अवैध गांजा: 300 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹1.50 करोड़)
- इनोवा क्रिस्टा: (कीमत लगभग ₹20 लाख)
- मारुति सुजुकी XL-6: (कीमत लगभग ₹14 लाख)
- मोबाइल फोन: 5 अदद (जिसमें दो प्रीमियम आईफोन शामिल हैं, कीमत लगभग ₹2 लाख)
- कुल जब्ती मूल्य: ₹1,86,000,000 (1 करोड़ 86 लाख रुपये)
मध्यप्रदेश और सरगुजा नेटवर्क खंगालने पुलिस टीम रवाना
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि यह खेप उड़ीसा से लाकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में सक्रिय उनके सहयोगियों और स्थानीय तस्करों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
इस अंतरराज्यीय नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने और मुख्य सरगनाओं का पर्दाफाश करने के लिए रायगढ़ पुलिस की एक विशेष टीम को तत्काल सरगुजा और मध्यप्रदेश के अनूपपुर के लिए रवाना किया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के तार कई अन्य राज्यों के बड़े ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं, जिसका जल्द ही खुलासा होने की उम्मीद है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- निखिल कश्यप (23 वर्ष) — निवासी: रामानुजगंज, जिला बलरामपुर (छ.ग.)
- रिंकु कश्यप (28 वर्ष) — निवासी: नवानगर चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा (छ.ग.)
- धर्मेंद्र कुमार मौर्य (27 वर्ष) — निवासी: हराटोला, थाना राजेंद्रनगर, जिला अनूपपुर (म.प्र.)