जयपुर/ गौरव कोचर/राजधानी के मुहाना थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर को लेकर हुए विवाद के बाद जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी अनुसंधान के बाद आरोपी को उस समय दबोचा जब वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था।
अधिकारियों के सुपरविजन में बनी विशेष टीम
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि मुहाना मंडी जैसे व्यस्त इलाके में हुई हत्या के प्रयास की इस गंभीर वारदात के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दक्षिण ललित कुमार शर्मा के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर हेमेन्द्र शर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी मुहाना मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
मंडी में लहूलुहान कर मरा समझकर भागे थे आरोपी
मामले के अनुसार परिवादी राजुलाल रैगर (उम्र 32 वर्ष, निवासी गलवानिया, उनियारा, टोंक) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 अगस्त 2026 की रात करीब 1:00 बजे उसके चाचा मुकेश कुमार रैगर रोज की तरह मुहाना मंडी में ट्रैक्टर लेकर काम करने आए थे। इसी दौरान पिन्टु बैरवा और उसके तीन-चार साथियों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर लाठी-सरियों से मुकेश पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मुकेश का सिर फट गया तथा कान व नाक से अत्यधिक खून बहने लगा। आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल को तुरंत सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस पर पुलिस ने बीएनएस 2023 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
100 से अधिक सीसीटीवी खंगाले, कमरे पर हुआ था विवाद
वारदात के बाद मुहाना मंडी के व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त था। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आने-जाने वाले रास्तों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि 28 अगस्त की रात करीब 10:00 बजे घायल मुकेश और आरोपी पिन्टु बैरवा (जो मुहाना मंडी कैंटीन नंबर 04, दुकान सी-198 के सामने साथ रहते हैं) के बीच ट्रैक्टर को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पिन्टु ने साथियों संग मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। तकनीकी शाखा और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
- पिन्टु बैरवा (उम्र 32 वर्ष), पुत्र रामस्वरुप बैरवा, निवासी गलवानियाँ, थाना सोप, जिला टोंक; हाल निवासी कैन्टीन नंबर 04, दुकान सी-198 के सामने, मुहाना मण्डी, जयपुर।
पुलिस आरोपी से घटना में शामिल अन्य साथियों और हथियारों की बरामदगी को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
मुकेश कुमार खारडिया (थानाधिकारी), कानसिंह (हैड कांस्टेबल 2172), भवंर लाल (हैड कांस्टेबल 2411), ओमप्रकाश (कांस्टेबल 4714), बहादुर (कांस्टेबल 10129), दामोदर (कांस्टेबल 10868), सचिन (कांस्टेबल 10814), लोकेश (हैड कांस्टेबल, तकनीकी शाखा जयपुर दक्षिण) और रामसिंह (हैड कांस्टेबल, तकनीकी शाखा जयपुर दक्षिण)।