झुंझुनूं में जल संचयन एवं जनसेवा योजनाओं पर हुआ विशेष कार्यक्रम
नरेश गुनानी • वरिष्ट संपादक
झुंझुनूं, 12 अक्टूबर। झुंझुनूं जिले में जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और जनकल्याण योजनाओं को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पाटिल ने कहा कि सूरत स्थित रूंगटा ग्रुप के चेयरमैन अनील रूंगटा ने झुंझुनूं जिले में जल संचयन के उद्देश्य से बोर निर्माण का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि “भविष्य के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, और प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण के प्रयासों में आगे आना चाहिए।”
जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान जल जीवन मिशन के कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण नहीं हो सके, किंतु वर्तमान सरकार कुंभाराम लिफ्ट परियोजना और यमुना जल समझौते के माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इनमें संतोष देवी (प्रधानमंत्री आवास योजना), आशा देवी (मंगला पशु बीमा योजना) एवं सोनी मिश्रा (प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना) को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, खेतड़ी नगर के सहयोग से निक्षय पोषण किट का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, विधायक विक्रम जाखल, धर्मपाल गुर्जर, राजेंद्र भांबू, गोरधन वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया तथा आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा की गई।