झुंझुनूं: दहेज में फॉर्च्यूनर नहीं मिली तो दूल्हा मंडप से भागा, आधी बारात रह गई पीछे – गांव में आक्रोश
Jhunjhunu | Rajasthan /harish Gupta Edited By :Naresh Gunani
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 08,2025
राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां दहेज की लालच में एक दूल्हा शादी के मंडप से फरार हो गया। झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के भोड़की गांव में यह मामला सामने आया है, जहां दूल्हे ने दहेज में महंगी गाड़ी फॉर्च्यूनर की मांग की और पूरी बारात को बीच में ही छोड़कर चला गया।
💥 क्या है पूरा मामला?
भोड़की गांव निवासी निधि की शादी पाटन कस्बे के रमेश कुमार के बेटे नीतीश से तय हुई थी। यह रिश्ता तीन महीने पहले तय हुआ था और 7 जून को बड़ी धूमधाम से बारात गांव पहुंची। बारातियों का भव्य स्वागत किया गया, जयमाल की रस्में पूरी हो चुकी थीं और शादी का माहौल खुशनुमा था।

🚘 दहेज में फॉर्च्यूनर की मांग
शादी की रस्में चल रही थीं कि तभी दूल्हा नीतीश ने अचानक लड़की पक्ष से दहेज में फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग कर दी। जब लड़की के पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए यह महंगी डिमांड पूरी करने से मना कर दिया, तो मामला बिगड़ने लगा।
🥊 विवाद से मारपीट तक पहुंचा मामला
गाड़ी की मांग को लेकर दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई, और कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। रिश्तेदारों ने बहुत कोशिश की, लेकिन दूल्हा अपनी मांग पर अड़ा रहा। अंततः, वह आधी बारात को लेकर मंडप छोड़कर भाग गया, जबकि बाकी बाराती लड़की के घर में ही रह गए।
😡 गांव में गुस्सा, कड़ी कार्रवाई की मांग
इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से लड़की पक्ष और गांववाले सकते में हैं। गांव में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे लालची लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में गलत संदेश न फैले और दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा पर रोक लग सके।
📌 पुलिस में शिकायत दर्ज की गई
लड़की पक्ष ने दूल्हा और उसके परिवार के खिलाफ गुढ़ागौड़जी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की बात कह रही है।

