झालावाड़ में टैक्सी ड्राइवर की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 01,2025
झालावाड़ में रेलवे स्टेशन के पास एक टैक्सी ड्राइवर की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी महंगी लाइफस्टाइल जीने के लिए टैक्सी ड्राइवरों को अपना आसान शिकार बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने भोपाल से टैक्सी ड्राइवर पंकज साहू को किराए पर लिया और झालावाड़ लाए। वहां दो स्थानीय साथियों के साथ मिलकर पहले उसका गला तार से घोंटा और फिर चाकू से कई वार किए। शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया ताकि लगे कि मौत ट्रेन से कुचलने से हुई है। हत्या के बाद उन्होंने गाड़ी, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया।
जांच में पता चला कि एक गाड़ी सस्ते दामों में बेचने की कोशिश हो रही थी। पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली और तीनों आरोपियों — राजेश उर्फ राहुल जाटव, अनिल कुमार और अफजल — को बुधवार रात सोयत से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय वे एक और टैक्सी ड्राइवर को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।
दो स्थानीय आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
