गौरव कोचर
जयपुर। जयपुर उत्तर के माणकचौक थाना क्षेत्र में स्थित एक कपड़ा दुकान में हुई लाखों रुपए की चोरी की वारदात को पुलिस ने पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा (IPS) के निर्देशानुसार सादा वस्त्रों में गठित विशेष निगरानी दल ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी की गई राशि में से 7 लाख 90 हजार रुपए बरामद कर लिए गए हैं।
दुकान बंद होने के बाद भीतर ही छिप गया था नौकर
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी सचिन प्रजापत परिवादी की फर्म ‘M/S Pitamber Attire LLP’ (राम लालजी का रास्ता, जौहरी बाजार) में ही काम करता था। इस वजह से उसे दुकान के व्यापारिक लेन-देन और पैसे रखने की जगह की पूरी जानकारी थी।
17 जून 2026 को जब दुकान मालिक के पास व्यापार के पैसे आए और उन्होंने उसे गल्ले में रख दिया, तो सचिन के मन में लालच आ गया। उसने एक सोची-समझी साजिश के तहत मालिक को घर जाने की बात कही और मौका पाकर अपनी चप्पलें बाहर रख दीं, ताकि सबको लगे कि वह चला गया है। इसके बाद वह चुपके से दुकान के अंदर ही छिप गया। रात को जब मालिक दुकान बढ़ाकर घर चले गए, तो वह बाहर निकला और गल्ला तोड़कर उसमें रखे 10 लाख रुपए निकाल लिए।
फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश, दोनों पैर फ्रैक्चर
चोरी करने के बाद आरोपी ने भागने के लिए दुकान में रखी साड़ियों को आपस में बांधकर एक लंबी रस्सी बनाई। उसने दुकान की पीछे वाली खिड़की खोली और साड़ियों की रस्सी के सहारे नीचे उतरने लगा। लेकिन रस्सी की लंबाई कम होने के कारण वह जमीन तक नहीं पहुंच पाई। नतीजतन, आरोपी को काफी ऊंचाई से नीचे कूदना पड़ा। भारी ऊंचाई से गिरने के कारण उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। इसके बावजूद वह घायल अवस्था में ही पैसे लेकर मौके से फरार हो गया।
इस तरह दर्ज हुआ मामला
18 जून 2026 को सुबह करीब 10:00 बजे जब आदर्श नगर निवासी पीड़ित दुकानदार प्रदीप मूलराजानी (उम्र 46 वर्ष, जाति सिंधी) दुकान पर पहुंचे, तो उन्हें पीछे की खिड़की खुली मिली और उस पर साड़ियों से बनी रस्सी लटकी हुई दिखी। गल्ला संभालने पर उसमें से 10 लाख रुपए गायब थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर माणकचौक थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़ा गया आरोपी
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर प्रथम नीरज पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त माणकचौक पीयूष कविया (RPS) के निर्देशन में माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के लगभग 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। दुकान के कर्मचारियों से पूछताछ और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने शातिर चोर सचिन प्रजापत (उम्र 21 वर्ष, पुत्र रमेशचन्द प्रजापत, निवासी गांव सिंडोली, थाना कोलवा, जिला दौसा) को धर दबोचा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस महत्वपूर्ण कामयाबी को हासिल करने वाली पुलिस टीम में राकेश ख्यालिया (थानाधिकारी), सोहन लाल (सहा. उपनिरीक्षक), हरदयाल सिंह (हैंड कांस्टेबल 2167), गिरधर सिंह (कांस्टेबल 8123) और छीतरमल (कांस्टेबल 6388) शामिल रहे। इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल गिरधर सिंह की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।