जोधपुर में संसदीय कार्य मंत्री की अध्यक्षता में लूणी नदी क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक
जयपुर, 12 सितम्बर। गौरव कोचर। टेलीग्राफ टाइम्स।
संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर, जोधपुर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य लूणी नदी क्षेत्र में अवैध खनन और नियम विरुद्ध परिवहन पर रोकथाम तथा इन गतिविधियों के कारण उत्पन्न दुर्घटनाओं और सड़क क्षति को रोकना था।

अवैध खनन पर सख्त कार्यवाही के निर्देश
मंत्री पटेल ने स्पष्ट किया कि लूणी क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड डंपरों की तेज गति से हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभागीय समन्वय से विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही की जाए।
खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि—
- लीज क्षेत्र का सीमांकन और पीलर निर्माण करें।
- जियो-टैगिंग एवं ड्रोन से निरंतर निगरानी रखें।
- ई-रवन्ना की समयसीमा और उपयोग की नियमित जांच करें।
- फर्जी रवन्ना को रोकने के लिए सघन जांच की जाए।
परिवहन विभाग को दिशा-निर्देश
परिवहन विभाग को कहा गया कि—
- ओवरलोड परिवहन और बिना नंबर के वाहनों पर कार्यवाही करें।
- व्यावसायिक वाहनों पर गति नियंत्रण नियमों की सख्त अनुपालना सुनिश्चित करें।
- माइनिंग रूट पर फ्लाइंग टीमें नियुक्त की जाएँ।
सार्वजनिक निर्माण विभाग और पुलिस की जिम्मेदारी
सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि—
- ओवरलोडिंग से क्षतिग्रस्त सड़कों की रिपोर्ट तैयार करें।
- आबादी वाले क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर लगाएँ।
- खनन क्षेत्र में उच्च यात्री भार के अनुसार सड़क निर्माण के प्रस्ताव बनाएँ।
पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि—
- सड़कों पर डंपरों की पार्किंग पर रोक लगाई जाए।
- बिना नंबर और ओवरस्पीड वाहनों की निगरानी कर आबादी वाले क्षेत्रों में दुर्घटनाओं को रोका जाए।
अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश, जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।