जोधपुर/ नरेश गुनानी/ज़िला प्रशासन के नेतृत्व में और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के माई भारत विभाग के तत्वावधान में जोधपुर स्थित काजरी सभागार में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 300 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। युवाओं को नशे के विरुद्ध योद्धा के रूप में तैयार होकर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना होगा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “ड्रग्स का नशा मां की मुस्कान, पिता के सपनों और बहन की राखी की उम्मीद को चूर-चूर कर देता है। खुद को नशामुक्त रखें और भारत के उज्ज्वल भविष्य का हिस्सा बनें।”

प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान को गति प्रदान करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा भी युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई, साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत मंच से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जोधपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रण लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य, विधि परामर्शी और न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे जैसी बुराई से दूर रहकर शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक कार्यों में आगे बढ़ेंगे, तो ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरुकता अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. नारायणसिंह माणकलाव, पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, जोधपुर शहर के विधायक अतुल भंसाली, ज़िला कलेक्टर आलोक रंजन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, एसीईओ गणपतलाल तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक बजरंगलाल ने भी सहभागिता की। वक्ताओं ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को दीमक की तरह खोखला कर देता है। उन्होंने सभी से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की।
माई भारत जोधपुर के उपनिदेशक भूपेन्द्र सिंह शेखावत ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि माई भारत युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक सशक्त और प्रभावी मंच है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस मंच से जुड़कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में उपस्थित सभी युवाओं ने एक स्वर में नशा मुक्त भारत की शपथ ली और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में नशे के खिलाफ निरंतर जागरूकता फैलाने का संकल्प व्यक्त किया। आयोजन के दौरान युवाओं में देश निर्माण के प्रति अभूतपूर्व उत्साह और प्रतिबद्धता देखने को मिली। यह आयोजन ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने तथा युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।