जोधपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, तमिलनाडु निवासी आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर। गौरव कोचर
जोधपुर पुलिस ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी ट्रेन से देशभर में घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 23 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप और मूल दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹7 लाख बताई जा रही है।
मामला कैसे खुला?
27 सितम्बर को महामंदिर थाने में राजेंद्र सिंह बेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने दोस्तों के साथ मानजी का हत्था स्थित जेके ब्याज हॉस्टल में रुका था। रात के समय हॉस्टल से उसका मोबाइल और लैपटॉप चोरी हो गया। जाँच में सामने आया कि हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्रों के भी कई मोबाइल फोन चोरी हुए थे।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश के निर्देश पर चोरी व नकबजनी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई।
- टीम का नेतृत्व थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह देवड़ा ने किया।
- तकनीकी संसाधनों, सीसीटीवी फुटेज और अभय कमांड सेंटर की मदद से आरोपी के आने-जाने के रास्तों का बारीकी से विश्लेषण किया गया।
- मुखबिरी और परंपरागत पुलिसिंग के जरिए आरोपी की पहचान गोपाल पेरूमल (45 वर्ष), निवासी वेल्लूर, तमिलनाडु के रूप में हुई।
इसके बाद टीम ने जोधपुर रेलवे स्टेशन के पास दबिश दी और आरोपी को चोरी के माल समेत गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की कार्यशैली
जाँच में खुलासा हुआ कि आरोपी गोपाल पेरूमल एक पेशेवर अन्तर्राज्यीय चोर है, जो तमिलनाडु से ट्रेन द्वारा निकलता और भारत के विभिन्न शहरों में चोरी की वारदातें करता था।
- वह आमतौर पर रेलवे स्टेशन के आसपास सो रहे यात्रियों, सार्वजनिक स्थलों, होटलों, हॉस्टलों, मेलों और जुलूसों में चोरी करता।
- चोरी के बाद तुरंत ट्रेन से अपने राज्य तमिलनाडु लौट जाता, जिससे पकड़ में आना मुश्किल हो जाता।
- बाहरी होने के कारण वह चोरी का माल तुरंत बेच नहीं पाया और फरार होने की कोशिश में ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
आगे की जाँच
पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। संभावना है कि उसके तार देशभर में फैले चोरी के कई मामलों से जुड़े हो सकते हैं।