जोधपुर के बड़ली में उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन का भूमि-पूजन, जयपुर में एम्स की तर्ज पर बनेगा रिम्स
05 सितम्बर 2025, जयपुर। लोकेंद्र सिंह शेखावत। टेलीग्राफ टाइम्स
जोधपुर जिले की ग्राम पंचायत बड़ली, पंचायत समिति केरू में 55 लाख रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया गया। इस अवसर पर संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि प्रदेश सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।

पटेल ने कहा कि जयपुर में एम्स की तर्ज पर रिम्स (राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) की स्थापना की जा रही है, जिससे राज्य में आधुनिक और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र लूणी में भी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि सांगरिया में सैटलाइट अस्पताल और केरू में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की जा रही है, जिससे आसपास के ग्रामीण अंचलों को बड़ी राहत मिलेगी। इन संस्थानों के शुरू होने से लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।
पटेल ने कहा कि गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं का सशक्त नेटवर्क खड़ा करने की दिशा में उप स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं नजदीक ही मिलेंगी और उन्हें छोटे-छोटे उपचार के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।