जैसलमेर-बीकानेर में सोलर पार्क और सीमावर्ती क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए भूमि आवंटन को मंजूरी
22 अगस्त 2025, 05:30 PM | जयपुर | रिपोर्ट : मधुसूदन शर्मा, संपादन : लोकेंद्र सिंह शेखावत (टेलीग्राफ टाइम्स)
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम फैसले किए हैं। जैसलमेर और बीकानेर जिलों में बड़े पैमाने पर सोलर पार्क की स्थापना के लिए राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (आरवीयूएनएल) को भूमि आवंटन की स्वीकृति दी गई है।
जैसलमेर में मेगा सोलर पार्क
रामगढ़ तहसील में 5000 मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क के लिए 6771.86 हैक्टेयर तथा 2700 मेगावाट सोलर पार्क के लिए 5113.99 हैक्टेयर भूमि आवंटित की गई।
फतेहगढ़ तहसील में 12500 मेगावाट सोलर पार्क हेतु 14026.87 हैक्टेयर और 6200 मेगावाट सोलर पार्क के लिए 8582.42 हैक्टेयर भूमि के आवंटन को मंजूरी दी गई है।
बीकानेर में सोलर प्रोजेक्ट्स
बीकानेर जिले की पूगल तहसील के दीनसर व बराला गांव में 393.04 हैक्टेयर भूमि तथा बीकानेर तहसील के सवाईसर, बज्जू तहसील के बिकोलाई और पूगल तहसील के करणीसर भाटियान गांव में कुल 2320.46 हैक्टेयर भूमि आवंटन स्वीकृत किया गया है।
सीमावर्ती जिलों में सड़क निर्माण
सीमावर्ती क्षेत्रों में समानांतर सड़कों की पहल के तहत बाड़मेर की गडरारोड़ तहसील में 158.0792 हैक्टेयर और जैसलमेर सेक्टर में लेटरल सड़क निर्माण के लिए 219.06 हैक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। यह भूमि आवंटन भारत-पाकिस्तान सीमा पर समानांतर सड़क निर्माण के संरेखण में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की मांग पर किया गया है।
औद्योगिक इकाइयों के लिए भूमि
धौलपुर जिले की बाड़ी तहसील के गांव विजौली में गैर-प्रदूषणकारी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हेतु रीको को 38.39 हैक्टेयर भूमि आवंटित की गई है।

