जेडीए की कार्रवाई का विरोध, मुआवजा व पुनर्वास की मांग पर खातीपुरा व्यापारियों ने शुरू किया अनशन
Edited By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 31,2025
जयपुर, सिरसी रोड:
जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से हाल ही में सिरसी रोड क्षेत्र में की गई कार्रवाई के विरोध में स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। शुक्रवार से व्यापारियों ने खातीपुरा व्यापार मंडल के बैनर तले क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। व्यापारियों की मुख्य मांग है कि जिन व्यावसायिक निर्माणों को तोड़ा गया है, उनके बदले उचित मुआवजा दिया जाए और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अनशन की शुरुआत के साथ ही व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक गोपाल शर्मा और जयपुर नगर निगम हेरिटेज की महापौर से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में जेडीए की कार्रवाई को अमानवीय और एकतरफा बताया गया है। व्यापारियों का कहना है कि जेडीए ने पंचायती पट्टों को मान्यता नहीं दी और दिखावे के लिए शिविर लगाए, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया।
जेडीए पर मनमानी का आरोप
खातीपुरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष भवानी सिंह राठौड़ और नगर निगम वार्ड 38 हेरिटेज चेयरमैन हेमेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि अप्रैल महीने में जेडीए ने भूखंड स्वामित्व के दस्तावेज एकत्र करने के लिए शिविर लगाए थे। व्यापारियों ने दस्तावेज भी सौंपे, लेकिन इन पर कोई निर्णय नहीं दिया गया। इसके बावजूद 25 मई को एकतरफा कार्रवाई करते हुए व्यापारिक निर्माण तोड़ दिए गए।
अनशन पर बैठे व्यापारी
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। शुक्रवार को अनशन पर बैठने वालों में प्रमुख रूप से भंवरलाल चौधरी, गोपाल कुमावत, प्रभु राम बेनीवाल, सोनू शर्मा और राजकमल चौधरी शामिल रहे।
व्यापारियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक मुआवजा और पुनर्वास की उचित घोषणा नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन और अनशन जारी रहेगा।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
प्रदर्शनकारी व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जेडीए की कार्रवाई चुनिंदा और पक्षपातपूर्ण थी, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय व्यापारियों का जीवन प्रभावित हुआ है।